खाटू श्याम से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, खड़े ट्रक से टकराई कार, बुजुर्ग की मौत व 4 घायल

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 09:21 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लोटनी गांव के पास खड़े ट्रक के नीचे कार घुसने से 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में बेटा और दामाद को भी चोटें आई हैं। परिवार राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करके हिमाचल प्रदेश स्थित अपने घर लौट रहा था।

हादसा सुबह करीब साढ़े 6 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के नीचे फंस गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। इससे पहले आसपास के लोगों ने घायलों को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

घायल साहिल सच्चर (34) निवासी संतोषगढ़, जिला ऊना (हिमाचल प्रदेश) ने बताया कि वह 11 अप्रैल को अपने पिता बृजमोहन (68), बहन नीतू (38), चांदनी (34) और जीजा सौरव सोनी निवासी सरथरी, जिला रोपड़ (पंजाब) के साथ स्विफ्ट कार में खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद 12 अप्रैल की रात वे वापस घर के लिए रवाना हुए। कार उनके जीजा सौरव सोनी चला रहे थे।

उन्होंने बताया कि बहन नीतू आगे की सीट पर बैठी थी, जबकि पीछे की सीट पर वह खुद, उसके पिता और बहन चांदनी बैठे थे। जब सुबह करीब 6:30 बजे वे एनएच-152 पर लोटनी गांव के पास पहुंचे तो सड़क पर खड़ा ट्रक बिना किसी इंडिकेटर या साइड मार्कर के खड़ा था। अंधेरे में दिखाई न देने के कारण उनकी कार सीधे ट्रक के नीचे जा घुसी।

हादसे में बृजमोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और ईआरवी टीम ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां पिहोवा के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने बृजमोहन को मृत घोषित कर दिया।

घटना में घायल नीतू और चांदनी को गंभीर हालत में मोहड़ी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि सौरव सोनी को भी चोटें आई हैं। इस्माइलाबाद पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static