दुकान बंद कर घर लौट रहे आढ़ती की दर्दनाक मौत: कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग पर भीषण टक्कर, हादसे में नहीं खुले कार के एयरबैग
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 09:16 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अनाज मंडी के आढ़ती की मौत हो गई। हादसा कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग पर संधौली गांव के बस स्टैंड के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही क्रेटा कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी खदान में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कार चालक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गांव सारसा निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पवन कुमार पिहोवा अनाज मंडी में आढ़ती का काम करते थे और रात को दुकान बंद करने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे।
रिश्तेदार की क्रेटा कार लेकर घर लौट रहे थे
मृतक के भाई सोहन लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती रात करीब सवा 9 बजे उसका बड़ा भाई पवन कुमार अपने रिश्तेदार की क्रेटा कार लेकर घर के लिए निकला था। करीब 15 मिनट बाद जब वह संधौली गांव के बस स्टैंड को पार कर राइस मिल के पास पहुंचा तो सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक नंबर एचआर-65ए-9638 ने कार को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद खदान में जा गिरी कार
ट्रक की टक्कर लगते ही क्रेटा कार बेकाबू होकर सड़क से नीचे खदान में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे पवन कुमार को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से कुरुक्षेत्र स्थित एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि कार के एयरबैग तक नहीं खुले।
पीछे से आ रहा था भाई, पुलिस ने दर्ज किया केस
बताया गया कि हादसे के समय मृतक का भाई सोहन लाल भी अपनी गाड़ी से उसके पीछे आ रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सोहन लाल की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मृतक के एक भाई प्रदीप अमेरिका में रहते हैं, जबकि सोहन लाल खेती-बाड़ी का काम करते हैं।