गेहूं की फसल को पानी देने गया था किसान, करंट ने छीन ली जान, 2 बेटों के सिर से उठा पिता का साया
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 08:52 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। किसान अपने खेत में गेहूं की फसल को पानी लगाने के लिए गया था। ट्यूबवेल का स्टार्टर दबाते ही उसे तेज करंट लग गया, जिससे वह ट्यूबवेल के कोठे में बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 43 वर्षीय गुरबाज सिंह निवासी गांव ठसका मीरांजी के रूप में हुई है। गुरबाज सिंह खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और 18 वर्षीय जुड़वा बेटे दिलप्रीत सिंह और मनप्रीत सिंह हैं। बताया जा रहा है कि गुरबाज सिंह के पास करीब 2 एकड़ जमीन थी, जिस पर वह खेती करते थे।
जानकारी के अनुसार गुरबाज सिंह दोपहर के समय अपने खेत में ट्यूबवेल से गेहूं की फसल को पानी लगाने के लिए गया था। जैसे ही उसने ट्यूबवेल के स्टार्टर का बटन दबाया, उसमें अचानक करंट आ गया। तेज झटका लगने से वह ट्यूबवेल के कोठे की दीवार से टकराकर नीचे गिर पड़ा और बेहोश हो गया।
परिजनों के अनुसार जब गुरबाज सिंह काफी देर तक घर नहीं लौटा और फोन भी नहीं उठाया तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद निशान सिंह खेत में पहुंचा, जहां गुरबाज सिंह ट्यूबवेल के कोठे में बेहोश पड़ा मिला। तुरंत गांव की सरपंच मीना कुमारी और बिरेंद्र सिंह की मदद से उसे निजी वाहन में सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गुरबाज सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)