Haryana के इस जिले में 23 करोड़ रूपए से बनेगा फ्लाईओवर, जाम से मिलेगी मुक्ति
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 03:17 PM (IST)
पानीपत: शहर की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम के स्थायी समाधान की दिशा में शुक्रवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। विधायक प्रमोद विज के प्रयासों से जाटल रोड पर बनने वाले नए फ्लाईओवर का भूमि पूजन कर आधारशिला रखी गई।
विज ने बताया कि परियोजना पर 23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को भी बड़ी राहत मिलेगी। नहर पर इस नए पुल के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। इसका लाभ मुख्य रूप से शहरी क्षेत्र जिनमें मॉडल टाउन, 8 मरला कॉलोनी, क्रांति नगर, विराट नगर, एम्पीरियम, न्यू मॉडल टाउन, शांति नगर, मुखीजा कॉलोनी, आरके पुरम, सतकरतार नगर और गुरु तेग बहादुर कॉलोनी को होगा।
जाटल रोड से असंध रोड और गोहाना रोड की ओर जाने वाले वाहनों को अब शहर के भीतर फंसे बिना सीधा रास्ता मिलेगा, जिससे ईंधन और समय दोनों की बचत होगी। भूमि पूजन समारोह में नगर निगम महापौर कोमल सैनी के पति दिनेश सैनी, पार्षद नेहा योगेश शर्मा, संजीव दहिया, तरुण गांधी, रॉकी गहलोत, अनिल मदान, कमल अरोड़ा, सांची तनेजा, नवल जिंदल, प्रीतम गुर्जर, अशोक कटारिया और भाजपा जिला उपाध्यक्ष नवीन भाटिया, मंडल अध्यक्ष चेतन तनेजा, योगेश शर्मा, सचिन सिंगला ने शिरकत की।
विधायक विज कहा कि वर्तमान में 8 मरला चौक से नहर तक सुबह स्कूल के समय लगने वाले भीषण जाम से बच्चों और अभिभावकों को निजात मिलेगी। इस पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। परियोजना को पूरा करने के लिए लगभग 2 वर्ष का समय तय किया गया है। विज ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में पानीपत का चहुमंुखी विकास हो रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शहर के हर मुख्य मार्ग को जाम मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है।