समालखा फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, पिकअप में पंचर लगा रहे 2 लोगों को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौत
punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 08:06 PM (IST)
समालखा (विनोद लाहोट): समालखा के निकट मनाना फ्लाईओवर पर रविवार दोपहर बाद हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब पंचर हुई एक पिकअप गाड़ी का टायर बदला जा रहा था। तेज रफ्तार कार ने पिकअप और उसके पास मौजूद लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर की एक पिकअप समालखा-मनाना फ्लाईओवर पर पानीपत लेन में पंचर होने के कारण खड़ी थी। चालक ने टायर बदलवाने के लिए एक पंचर मिस्त्री को बुलाया था। इसी दौरान समालखा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में पिकअप चालक जावेद (32) और पंचर मिस्त्री सुनील (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। ट्रैफिक पुलिस प्रभारी राकेश कुंडू टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। इसके बाद समालखा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर समालखा के सरकारी अस्पताल की शवगृह में रखवा दिया तथा परिजनों को सूचना दे दी है। बताया गया है कि हादसे के बाद कार चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)