प्रेम कहानी का खौफनाक अंत; पानीपत में प्रेमिका के घर फंदे पर लटका मिला युवक का शव, परिजन बोले- यह आत्महत्या नहीं, हत्या है
punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 05:14 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत के थाना चांदनी बाग क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक का शव उसकी कथित प्रेमिका के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान दत्ता कॉलोनी निवासी सचिन के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी।
परिजनों का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उनका आरोप है कि सचिन को उसकी कथित प्रेमिका नेहा ने फोन कर अपने घर बुलाया था। रात को वह घर पर खाना खाने के बाद निकला था, लेकिन रात डेढ़ बजे उसकी मौत की खबर आई। परिवार का कहना है कि सुनील के शव को हत्या के बाद फंदे पर लटका कर पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

जानकारी के अनुसार सचिन और नेहा पिछले करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों एक ही फैक्ट्री में काम करते थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि दोनों के बीच रिश्ते कैसे थे और घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
चांदनी बाग थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)