अंबाला कैंट स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, प्लेटफॉर्म पर इंजन पटरी से उतरा, बाल-बाल बचे यात्री
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 08:39 PM (IST)
अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला कैंट रेलवे जंक्शन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक खाली इंजन अचानक पटरी से उतर गया। यह हादसा इंजन बदलने के दौरान हुआ, जिससे कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित हो गया।
घटना के चलते कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल भी बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद तुरंत बहाली कार्य शुरू कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसा तकनीकी कारणों से हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर इसे इंजन शंटिंग के दौरान हुई चूक माना जा रहा है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। रेलवे कर्मचारी तेजी से पटरी पर इंजन को वापस लाने और रेल मार्ग को सामान्य करने में जुटे हुए हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)