15 लाख के लूटकांड में बड़ा ट्विस्ट, कारोबारी ने खुद रची थी लूट की मनगढ़ंत कहानी, पुलिस ने ऐसे खोला राज...

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 08:31 PM (IST)

गन्नौर (कपिल शर्मा) : जीटी रोड स्थित बड़ी औद्योगिक क्षेत्र के निकट फ्लाईओवर से पहले दिनदहाड़े 15 लाख रुपये व मोबाइल लूट की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पानीपत के अग्रसेन कालोनी निवासी बैटरी व्यवसायी साहिल ग्रोवर ने आरोप लगाया कि खाकी ड्रेस पहने बाइक सवार दो युवकों ने चेकिंग के बहाने उसकी कार रुकवाई और बेहोशी की दवा सुंघाकर कार का शीशा तोड़ दिया। आरोप था कि आरोपी कार में रखे 15 लाख रुपये व मोबाइल लेकर फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले से पर्दा उठाया तो पीड़ित ही इस पूरी साजिश का रचयिता मिला। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

साहिल के अनुसार वह मुरथल स्थित एल्डिको सिटी के बाहर अपने जीजा से 10 लाख रुपये व अपने साथी से 5 लाख रुपये लेने के बाद पानीपत लौट रहा था। उसने बताया कि होश आने पर उसने राहगीर का फोन लेकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसीपी ऋषिकांत, बड़ी थाना प्रभारी कुलदीप और गन्नौर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो कार के आसपास कोई बाइक सवार दिखाई नहीं दिया। इसके बाद पुलिस को मामले में शक हुआ और साहिल से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसके बयानों में स्पष्टता नहीं मिली। पुलिस ने कार की जांच की तो उसकी डिग्गी में ही रुपयों से भरा बैग बरामद हो गया। 

एसीपी ऋषिकांत ने प्रेसवार्ता कर बताया कि लूट की सूचना झूठी निकली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साहिल ग्रोवर सट्टेबाजी का काम करता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इस तरह की साजिश क्यों रची। मामले में उससे आगे भी पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। 


 केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static