पानीपत में चलती कार बनी आग का गोला: बाबरपुर मंडी के पास चालक अंदर फंसा, बाइक सवार ने ''फरिश्ता'' बनकर बचाई जान
punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 10:00 AM (IST)
पानीपत(सचिन): पानीपत के बाबरपुर मंडी के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार से चल रही एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई और चालक अंदर ही फंस गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कार चालक अजय ने बताया कि वह टैक्सी चलाता है। वह करनाल में अपनी बहन से मिलने आया था। बहन से मिलने के बाद वह सिंघु बॉर्डर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी कार से आग की लपटें निकलने लगीं। जब तक वह कार रोककर कुछ समझ पाता, तब तक आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया था।
अजय के मुताबिक, कार के अंदर फंसने के दौरान एक बाइक सवार उसके लिए फरिश्ता बनकर पहुंचा। बाइक सवार ने काफी मशक्कत के बाद उसे कार से सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। एक बाइक सवार की सूझबूझ और बहादुरी ने टैक्सी चालक की जान बचा ली। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।