पानीपत में धागा फैक्ट्री में लगी भयानक आग...झुलसने से एक मजदूर की मौत, मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 11:13 AM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत के किशनपुरा से सटे शिवनगर के इंडस्ट्री एरिया में मंगलवार तड़के एक धागा फैक्टरी में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। श्मशान घाट के पीछे स्थित गुप्ता इंटरनेशनल फैक्टरी यूनिट 2 सीआरजी कॉटेक्स प्राइवेट लिमिटेड में आग की चपेट में आने से मजदूर रिशू की मौत हो गई, जबकि धनेश्वर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक के नाबालिग होने की आशंका है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

किशनपुरा थाना प्रभारी सुभाष के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पौने चार बजे कंट्रोल रूम से फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग व एंबुलेंस को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के समय कुछ कर्मचारी फैक्टरी में आराम कर रहे थे। आग लगने के बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

मशीन से चिंगारी निकलने की आशंका

प्रारंभिक पूछताछ में आशंका जताई जा रही है कि फैक्टरी में लगी मशीन से चिंगारी निकलने के कारण आग लगी। बिजली के शॉर्ट सर्किट को भी संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

दमकल अधिकारी गुरमेल सिंह के अनुसार, आग की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि दूसरा घायल हो गया। विभाग की ओर से यह भी जांच की जाएगी कि फैक्टरी के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी थी या नहीं और वहां आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम मौजूद नही था

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र और अन्य तथ्यों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static