तेज रफ्तार ट्रक ने एयरफोर्स की गाड़ी में मारी टक्कर, 3 अधिकारी घायल... टक्कर के बाद डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ गिरी गाड़ी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 11:27 AM (IST)

 यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): आज तड़के यमुनानगर में नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में एयरफोर्स के तीन अधिकारी घायल हो गए। हादसा कैल बाईपास के नजदीक हुआ। चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन की स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में चार लोग सवार थे और वे चंडीगढ़ कमांड से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित सरसावा एयरफोर्स स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एयरफोर्स की गाड़ी का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद गाड़ी डिवाइडर को पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ जा पहुंची। हादसे में गाड़ी में सवार तीन एयरफोर्स अधिकारियों को चोटें आईं, जबकि हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

गाड़ी के चालक धीरेंद्र ने बताया कि स्विफ्ट गाड़ी में वे चंडीगढ़ से सहारनपुर के सरसावा  एयरफोर्स स्टेशन जा रहे थे। यमुनानगर में हाईवे पर कैल बाईपास के पास एक गाड़ी खराब थी, जिस कारण जाम की स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में वे गाड़ी साइड में लगाकर खड़े थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में एक ट्रक आया और सीधी उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही गाड़ी डिवाइडर क्रॉस करते हुए दूसरी तरफ आ पहुंची। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने गाड़ी में फंसे अधिकारियों को बाहर निकाला। और घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही एयरफोर्स के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
 
 हादसे में एयरफोर्स के तीन अधिकारी घायल हुए हैं। तीनों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचा दिया गया है। अधिकारियों को काफी चोटें आई हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static