जिस घर में होनी थी शादी, वहां उठा जनाज़ा...नए मकान में तराई करते वक्त करंट से इकलौते बेटे की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 11:43 AM (IST)

कैथल(जयपला रसूलपुर): कस्बा सीवन में शनिवार शाम करीब 4 बजे एक दर्दनाक हादसे में बिजली का करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरव पुत्र भान सैनी निवासी सीवन के रूप में हुई है। गौरव अपने नए मकान में तराई करने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान टुल्लू पंप का पाइप निकल गया। जब वह पाइप को दोबारा लगाने के लिए गया तो नंगे पांव होने के कारण बिजली के करंट की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि करंट लगने से वह टुल्लू पंप के ऊपर ही गिर गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल कैथल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गौरव की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

असंध हैफेड शुगर मिल में करता था नौकरी, जनवरी में होनी थी शादी

परिजनों के अनुसार गौरव असंध स्थित हैफेड शुगर मिल में नेटवर्किंग सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। शनिवार को छुट्टी होने के कारण वह घर आया हुआ था। परिवार में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और जनवरी महीने में उसकी शादी होनी तय थी। गौरव तीन बहनों का इकलौता भाई था और माता-पिता का भी इकलौता बेटा था। जिस घर में कुछ समय बाद बेटे की शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। गौरव की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे के बाद पूरे सीवन क्षेत्र में शोक की लहर है 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static