हरियाणा के युवक ने उत्तराखंड के युवक के साथ की मारपीट, स्टील के कड़े से सिर पर किया वार; वायरल वीडियो के बाद मचा हड़कंप

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 01:00 PM (IST)

यमुनानगर ( परवेज खान) : उत्तराखंड में हरियाणा के पर्यटकों से जुड़े विवाद लगातार सामने आ रहे हैं। पहले कैथल के युवकों के साथ मारपीट का मामला चर्चा में रहा, और अब यमुनानगर के एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। मामला रुद्रप्रयाग जिले के प्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग का बताया जा रहा है, जहां एक खच्चर संचालक और हरियाणा से गए युवक के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि युवक ने अपने हाथ में पहने स्टील के कड़े से खच्चरवाले के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसका वीडियो बनाते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद यमुनानगर में भी इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना 6 जून की बताई जा रही है। तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग पर रास्ता बताने को लेकर एक यात्री और घोड़ा-खच्चर संचालक के बीच बहस हो गई। इसी दौरान यमुनानगर निवासी 19 वर्षीय राघव भी विवाद में शामिल हो गया। आरोप है कि उसने बीच-बचाव करने की बजाय खच्चरवाले के साथ मारपीट शुरू कर दी और स्टील के कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया। वायरल वीडियो में युवक जमीन पर बैठा दिखाई दे रहा है और स्थानीय लोग उससे नाम, पिता का नाम और पता पूछते नजर आ रहे हैं। युवक खुद को यमुनानगर का रहने वाला बता रहा है। वीडियो में स्थानीय लोग यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि पहाड़ों में आने वाले कुछ हरियाणवी पर्यटकों के व्यवहार से माहौल खराब हो रहा है। पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए ऊखीमठ थाने ले गई है।

इससे पहले 20 मई को भी ऋषिकेश में हरियाणा के कैथल निवासी दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। दोनों युवकों पर एक बच्ची की ओर आपत्तिजनक इशारे करने का आरोप लगा था, जबकि युवकों का कहना था कि उन्हें केवल HR नंबर की गाड़ी होने की वजह से निशाना बनाया गया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अब हरियाणा और उत्तराखंड के बीच पर्यटकों के व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static