अंबाला में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने उतरी आप नेताओं की फौज, कहा- गांवों में नहीं पहुंच रहा सरकार का कोई प्रतिनिधि

punjabkesari.in Friday, Jul 14, 2023 - 06:13 PM (IST)

अंबाला : हरियाणा में भारी बारिश की वजह से कई जिले इस समय बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं। जिसके कारण लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। इस बाढ़ के कारण जहां एक तरफ किसानों की फसल बर्बाद हो गई है तो वहीं दूसरी तरफ आपदा में प्रदेश के कई लोगों की जान भी जा चुकी है।

इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता, प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, राष्ट्रीय सह-सचिव चौ. निर्मल सिंह और उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने शुक्रवार को अंबाला हल्के के बाढ़ प्रभावित इलाके के गांव बांभे, गांव अल्लुदिन माजरा, गांव मिया माजरा, गांव चुगना, गांव निहारसा और गांव मेतलान का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से बातचीत की।

PunjabKesari

डॉ सुशील गुप्ता ने कहा कि बारिश की वजह से प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों पर पानी आने से सड़कें टूटने लगी हैं। कई गांवों का संपर्क दूसरे इलाकों से कट रहा है। कई दिन से बिजली नहीं है, घरों में पीने का पानी भी खत्म हो गया है। लेकिन खट्टर सरकार का कोई व्यक्ति गांवों में नहीं पहुंच रहा, न ही कोई सरकारी मदद गांवों में मिल रही है। सरकार आपदा प्रबंधन में फेल साबित हो रही है। सरकार के मंत्री, विधायक इस मुश्किल घड़ी में कोई भी जमीन पर नजर नहीं आ रहा। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से बाढ़ पीड़ितों के लिए तुरंत मुआवजा राशि जारी करने की मांग की।

वहीं आप नेता डॉ अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा की गठबंधन सरकार की अनदेखी के चलते आज पूरे प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात हो गए है। मानसून से पहले सरकार ने नदी, नालों और ड्रेनेज की साफ सफाई नहीं की। सरकार ने स्मार्ट सिटी के सभी दावे फेल साबित हुए हैं। सड़कों पर पानी के तालाब बन गए हैं। अंबाला में हालत काबू से बाहर हो चुके हैं। गांवों में पीने के पानी को लेकर स्थिति काफी गंभीर हैं। उन्होंने सरकार की लापरवाही पर और धीमी कार्यशैली का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते प्रदेश सरकार ने बंदोबस्त किए होते तो बाढ़ जैसे हालात नहीं पैदा होते।   

इस दौरान आप सह सचिव निर्मल सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार ने मानसून सीजन को लेकर कोई तैयारी नहीं की थी। सरकार पीड़ित लोगों तक पहुंचने में नाकाम रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों तक तुरंत मदद पहुंचाए। वहीं आपदा प्रबंधन विभाग को एक्शन में लाकर लोगों तक मदद पहुंचाने का काम करे। उन्होंने कहा कि बारिश की वजह से लोगों के घरों और खेतों में पानी घुस गया है। इस समय प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को मदद की जरूरत है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ग्राउंड जीरो पर पीड़ितों की हर संभव मदद कर रहे हैं और जरूरतमंद लोगों को भोजन व दवाइयां मुहैया करवा रहे हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Saurabh Pal

Related News

static