25 अगस्त तक मांगें मानो, वरना होगा बड़ा फैसला,HSGMC और किसान संगठनों का बड़ा कदम... प्रशासन के सामने रखीं 3 प्रमुख मांगें

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 08:16 PM (IST)

कुरुक्षेत्र(रणदीप):  हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) की अगुवाई में सिख, किसान और कमेटी सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में प्रशासन के सामने तीन मांगें रखने का फैसला लिया गया। इन मांगों को पूरा करने के लिए 25 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके बाद पिपली अनाज मंडी में बड़ा निर्णय लेने की बात कही गई है।

HSGMC प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने बताया कि पहली मांग मंड और उसके बेटे की गिरफ्तारी की है। दूसरी मांग गिरफ्तार किए गए दोनों सिख युवकों को तुरंत रिहा करने की है। तीसरी मांग 13 अगस्त को हाईवे पर हुए मामले में दर्ज मुकदमों को रद्द करने की है। झींडा ने कहा कि प्रशासन को इन तीनों मांगों पर 25 अगस्त तक कार्रवाई करनी होगी। अगर तय समय तक मांगें पूरी नहीं होती हैं तो पिपली अनाज मंडी में सिख संगत और समर्थकों की बड़ी बैठक बुलाकर आगे का फैसला लिया जाएगा।

49 मेंबर अपने-अपने क्षेत्र में करेंगे प्रचार
बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि HSGMC के 49 मेंबर अपने-अपने क्षेत्रों में इन मांगों को लेकर प्रचार करेंगे। इसके साथ ही सिख संगत को इस मुद्दे से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।झींडा ने बताया कि पंजाब की सिख जत्थेबंदियों को भी पिपली अनाज मंडी में एकत्र होने की कॉल दी जाएगी। यानी 25 अगस्त के बाद आंदोलन को बड़ा रूप देने की तैयारी की जा रही है।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस नहीं मनाने का फैसला
बैठक में रोष स्वरूप 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस नहीं मनाने का भी फैसला लिया गया।  बैठक में आगे की रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई। कमेटी ने अपने 49 सदस्यों को जिम्मेदारी दी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर मांगों के बारे में जानकारी दें और सिख संगत को साथ जोड़ें।

अब नजर 25 अगस्त पर: प्रशासन को तीन मांगों पर कार्रवाई के लिए दी गई समय सीमा के बाद पिपली अनाज मंडी में होने वाली बैठक अहम मानी जा रही है। HSGMC ने साफ कर दिया है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो वहां से आगे की रणनीति का ऐलान किया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static