पानीपत रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा! चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, दोनों हाथ कटे; मंजर देख कांपे यात्री
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 01:52 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : हरियाणा के पानीपत से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। खौफनाक हादसे का मंजर देख वहां मौजूद लोगों की रुह कांप गई।
दोनों हाथ कटे; परिजनों ने लगाया लूट के बाद हत्या का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा पानीपत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर हुआ। चलती ट्रेन से गिरने के कारण युवक के दोनों हाथ कट गए और सिर पर गंभीर चोट आई। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन गुरुवार शाम को चंडीगढ़ से पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त की। मृतक की पहचान चंडीगढ़ निवासी अजय कुमार (34) के रूप में हुई है। अजय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद का रहने वाला था और चंडीगढ़ में एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था। वह चंडीगढ़ से ट्रेन पकड़कर अपने पैतृक गांव जा रहा था, लेकिन पानीपत पहुंचने पर संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से नीचे गिर गया। परिजनों ने इस मामले में लूटपाट के बाद चलती ट्रेन से फेंक कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
बैग और मोबाइल फोन मिले गायब
बताया जा रहा है कि अजय की मौत के बाद जब परिजन पानीपत पहुंचे, तो उन्होंने बताया कि अजय के पास उसका बैग और मोबाइल फोन गायब है। उसकी जेब से मात्र 150 रुपए मिले हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि संभवतः ट्रेन में उसके साथ लूटपाट की गई और विरोध करने पर बदमाशों ने उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने पुलिस से इस एंगल से भी जांच करने की मांग की है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 2 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इधर, रेलवे पुलिस के जांच अधिकारी का कहना है कि हादसे के कारणों की स्पष्टता अभी नहीं है। पुलिस के अनुसार, मुमकिन है कि ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण अजय खिड़की या दरवाजे के पास बैठकर सफर कर रहा हो और संतुलन बिगड़ने की वजह से नीचे गिर गया हो। पुलिस इसे एक हादसा मानकर चल रही है। अजय की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन गहरे सदमे में है। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चे और पत्नी को छोड़ गया है। परिवार का पालन-पोषण अजय की कमाई पर ही निर्भर था।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और अन्य यात्रियों से पूछताछ कर मामले की तहकीकात की जा रही है। अजय की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन गहरे सदमे में है। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चे और पत्नी को छोड़ गया है। परिवार का पालन-पोषण अजय की कमाई पर ही निर्भर था।