फतेहाबाद में NH के पास हादसा, गोली लगने से इंस्पेक्टर घायल, खुद लोगों से अस्पताल ले जाने की लगाई गुहार
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 08:34 PM (IST)
फतेहाबाद (रमेश कुमार) : फतेहाबाद के नेशनल हाईवे के पास गांव धांगड के समीप एक वारदात हो गई। यहां गोली लगने से पुलिस विभाग में तैनात एक इंस्पेक्टर घायल हो गया। घायल इंस्पेक्टर को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हिसार रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल इंस्पेक्टर की पहचान शमशेर सिंह के रूप में हुई है, जो सिरसा पुलिस लाइन में तैनात हैं और मूल रूप से टोहाना क्षेत्र के गांव धरसूल कूलां के निवासी बताए जा रहे हैं। गोली लगने के कारण इंस्पेक्टर के शरीर से काफी खून बह गया। घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल इंस्पेक्टर आसपास मौजूद लोगों से खुद ही उसे गाड़ी में डालकर अस्पताल पहुंचाने की अपील करते हुए नजर आ रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर को गोली उसके कंधे के पास लगी है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। फिलहाल फतेहाबाद पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)