हादसा या कुछ और? Hisar के जिंदल पार्क में महिला का शव मिलने से सनसनी, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 01:14 PM (IST)
हिसार (विनोद सैनी) : हिसार के जिंदल पार्क में बुधवार दोपहर एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में महिला द्वारा सल्फास का सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
बता दें कि मृतका की पहचान विजयनगर निवासी अंजू (करीब 35 से 37 वर्ष लगभग) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला के शव के पास से सल्फास की गोलियां, एक बैग, कुछ नकदी और आधार कार्ड बरामद हुआ है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी में परिजनों ने बताया कि अंजू के पति का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मायके में रहती थी और स्टेशनरी का काम कर बेटे की पढ़ाई का खर्च उठाती थी। परिजनों का कहना है कि अंजू ऐसा कदम नहीं उठा सकती थी और मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
ASI देवेंद्र कुमार ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे जिंदल पार्क में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया सल्फास का सेवन करने की आशंका सामने आई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)