4 बच्चों के पिता की हत्या मामले में आरोपी काबू, चोरी के शक में दिया था वारदात को अंजाम

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 10:26 AM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के गांव धुराला में चार बच्चों के पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी के शक में वारदात को अंजाम दिया। यह मामला थाना झांसा क्षेत्र का है, जहां 26 फरवरी को डकोत बस्ती के पास खेतों में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था।

मृतक की पहचान धुराला निवासी 40 वर्षीय जयभगवान उर्फ काला के रूप में हुई। वह 25 फरवरी की रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 26 फरवरी की दोपहर करीब 3 बजे गांव के ही सुमीत और विशाल ने सूचना दी कि एक व्यक्ति खेत में ट्यूबवेल के कोठे के पीछे पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान जयभगवान के रूप में हुई। उसके गले पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए।

सूचना मिलते ही थाना झांसा पुलिस, सीन ऑफ क्राइम टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम करवाया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भाई कर्मजीत उर्फ मुंदरी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध अन्वेषण शाखा-1 को सौंपी गई। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर सीआईए-1 टीम ने कार्रवाई करते हुए हैप्पी कश्यप और राजकुमार उर्फ राजू (दोनों निवासी आरा कॉलोनी, धुराला) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पीएसआई जसबीर सिंह के अनुसार, मृतक जयभगवान नशे का आदी था और कुछ दिन पहले चोरी करते हुए पकड़ा गया था। आरोपियों को उस पर चोरी का शक था। 25 फरवरी की रात उसे घूमते देख आरोपियों ने पूछताछ की, जिस पर वह भाग गया। अगले दिन खेतों की ओर जाते समय फिर सामना हुआ। पूछताछ के दौरान कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने जयभगवान के परने (कपड़े) से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जयभगवान मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static