कुरुक्षेत्र में 100 करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड काबू , रिटायर्ड फौजी से 35 लाख हड़पे; अरबाज खान से करवाई थी प्रमोशन

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 05:17 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के एक अहम लीडर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इस नेटवर्क ने 100 से अधिक लोगों को झांसे में लेकर करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी की। लोगों को जोड़ने के लिए कंपनी ने बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान से भी प्रमोशनल इवेंट करवाया था।

4-5% महीने का लालच, 100 से ज्यादा लोग फंसे

आरोपी रामनिवास (सेक्टर-27, सोनीपत) का काम लोगों को स्कीम समझाकर कंपनी से जोड़ना था। निवेशकों को हर महीने 4 से 5 प्रतिशत तक रिटर्न का लालच दिया गया। इसी झांसे में आकर रिटायर्ड फौजी, प्रॉपर्टी डीलर समेत 100 से अधिक लोग ठगी का शिकार हो गए। कई पीड़ित अब आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।

रिटायर्ड फौजी से 35 लाख की ठगी

पीड़ित रामेश्वर दास (निवासी सुल्तानपुर) ने बताया कि उसकी पहचान शिव कुमार (निवासी बीड़ खैरी) से थी। सितंबर 2022 में शिव कुमार ने उसकी मुलाकात मेटा-एफ कंपनी के संचालक गौरव प्रताप से करवाई। गौरव ने हर महीने 4 से 6 प्रतिशत रिटर्न का भरोसा दिलाकर निवेश शुरू करवाया। शुरुआत में 10 हजार रुपये से निवेश किया गया और शुरुआती दौर में रिटर्न भी मिला, जिससे भरोसा बढ़ता गया। आरोपियों ने बाद में सरकारी ठेके मिलने और बड़े मुनाफे का झांसा देकर धीरे-धीरे करीब 35 लाख रुपये निवेश करवा लिए। इसके बाद कंपनी अचानक रकम लेकर फरार हो गई।

पहले एक आरोपी, फिर लीडर गिरफ्तार

इकोनॉमिक सेल के इंचार्ज सतीश कुमार के अनुसार, शिकायत के आधार पर थाना लाडवा में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पहले आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर रामनिवास को भी काबू कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 4 हजार रुपये बरामद किए हैं और कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।

जांच जारी और खुलासों की उम्मीद

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। आशंका है कि ठगी का यह जाल और भी बड़े स्तर पर फैला हो सकता है और आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static