पैसे मांगने की ऑडियो वायरल होने के बाद BJP ने बदला कुरुक्षेत्र जिला नेतृत्व, राकेश सैनी को सौंपी जिम्मेदारी
punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 08:16 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): भारतीय जनता पार्टी ने कुरुक्षेत्र जिले में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए जिला अध्यक्ष तजिंद्र सिंह गोल्डी को पद से हटा दिया है। उनकी जगह जिला महामंत्री रमेश सैनी को कार्यकारी जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के निर्देश पर जारी नियुक्ति पत्र में रमेश सैनी की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हुई थी, जिसमें नौकरी लगवाने के नाम पर पैसों के लेन-देन की बातचीत होने का दावा किया जा रहा था। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी का नाम भी सामने आया था। हालांकि ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों की ओर से भी इस पर आधिकारिक रूप से विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार एक भाजपा कार्यकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके बेटे की होमगार्ड नौकरी को नियमित करवाने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोपों के अनुसार एक लाख रुपये पहले दिए गए थे, जबकि शेष राशि बाद में देने की बात तय हुई थी। हालांकि इन आरोपों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पार्टी द्वारा जिला अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद तजिंद्र सिंह गोल्डी ने इसे संगठन का निर्णय बताते हुए कहा कि वह इस विषय पर बैठकर चर्चा करेंगे। वहीं वायरल ऑडियो के संबंध में भी उन्होंने विस्तृत टिप्पणी करने से फिलहाल परहेज किया।
दूसरी ओर भाजपा के एक कार्यकर्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह इस मामले में अधिक कुछ नहीं कहना चाहता और जिस व्यक्ति ने पैसे लिए हैं, उसी से बात करने की बात कही।
राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह बदलाव केवल संगठनात्मक कारणों से किया गया है या वायरल ऑडियो प्रकरण से इसका सीधा संबंध है। हालांकि वायरल ऑडियो के बाद हुए इस फैसले ने जिले की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल से जारी नियुक्ति पत्र में रमेश सैनी को कुरुक्षेत्र जिला का कार्यकारी जिला अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की गई है। पत्र पर प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी सुरेंद्र पूनिया के हस्ताक्षर हैं। नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।