डीजीपी अशोक अग्रवाल की पत्नी अलकनंदा अशोक भारतीय ओलंपिक संघ की संयुक्त सचिव चुनी गई

punjabkesari.in Saturday, Dec 10, 2022 - 08:43 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): उत्तराखण्ड बैडमिंटन एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती अलकनन्दा अशोक को भारतीय ओलंपिक संघ  का संयुक्त सचिव चुना गया है। भारतीय ओलंपिक संघ के चुनाव शनिवार को ही कराए गए थे।  संयुक्त सचिव पद के लिए श्रीमती अलकनंदा अशोक और सुमन कौशिक के बीच मुकाबला था। चुनाव में श्रीमती अलकनंदा ने 21के मुकाबले 48मतों से जीत हासिल की। श्रीमती अलकनंदा को भारतीय बैडमिंटन महासंघ द्वारा नामांकित किया गया था। अलकनंदा अशोक उत्तराखंड के मौजूदा पुलिस महानिदेशक अशोक अग्रवाल की पत्नी है। इस रिश्ते से अलकनंदा अशोक का हरियाणा से भी रिश्ता है। अशोक अग्रवाल हरियाणा के पानीपत जिले के कुराना निवासी है। भारतीय ओलंपिक संघ में संयुक्त सचिव पद हासिल कर अलकनंदा अशोक ने हरियाणा का भी मान बढ़ाया है 

श्रीमती अलकनंदा अशोक वर्तमान में उत्तराखण्ड स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन की अध्यक्ष हैं। वे बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव भी रही हैं। श्रीमती अलकनन्दा अशोक चार बार एशियन राफ्टिंग चैंपियन रह चुकी हैं और राष्ट्रीय स्तर पर केकिंग में कांस्य पदक हासिल किया और दो बार मास्टर्स बैडमिंटन चेपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। श्रीमती अलकनंदा अशोक की बेटी कुहू गर्ग अन्तर्राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी है, जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर 13 अन्तर्राष्ट्रीय मेडल जीते हैं।

भारतीय ओलंपिक संघ की संयुक्त सचिव चुने जाने पर श्रीमती अलकनन्दा अशोक ने उत्तराखण्ड स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन और बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि सभी का धन्यवाद जिन्होंने साथ दिया और यहां तक पहुंचाया। हम लोग हमेशा ही खेलों से जुड़े रहे हैं और खेलों को बढ़ाने  का प्रयास करते रहे हैं। हमने अपने बच्चों को भी खेलों से जोड़ा है। मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि भारत को वर्ल्ड स्पोर्टस में सुपर पावर बनाया जाए।उल्लेखनीय है कि भारतीय ओलंपिक संघ में महसचिव का पद खत्म होने से दोनों संयुक्त सचिव की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)          


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Related News

static