अंबाला CIA-1 टीम की बड़ी कामयाबी, 3 गंभीर मामलों को सुलझाकर बदमाशों को पहुंचाया सलाखों के पीछे
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 08:18 PM (IST)
अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला पुलिस की CIA-1 टीम को अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। CIA-1 ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन अलग-अलग गंभीर मामलों को सुलझा लिया है। इनमें स्क्रैप से भरे कैंटर लूट, बुजुर्गों से लूटपाट और भैंस चोरी की वारदातें शामिल हैं। पुलिस ने इन वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
अंबाला CIA-1 की टीम ने पहली बड़ी कामयाबी कैंटर लूट के मामले में हासिल की है। हाईवे और लिंक रोड पर सक्रिय रहने वाले इस गिरोह ने पिछले दिनों एक कैंटर को निशाना बनाया था और चालक को बंधक बनाकर वाहन लूट लिया था। सीआईए-1 ने तकनीकी इनपुट्स और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में मुख्य 5 आरोपियों को दबोच लिया है और लूटा गया कैंटर भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है तीनो पंजाब के रहने वाले है और यूपी के कैंटर को इन्होंने लूटने का काम किया था। इस मामले में अभी 1 गिरफ्तारी होना बाकी है।
CIA-1 की दूसरी सफलता बुजुर्गों से लूटपाट करने वाले गिरोह के खात्मे के रूप में सामने आई है। यह गिरोह अकेले या असहाय बुजुर्गों को अपनी बातों में फंसाकर या डरा-धमकाकर उनके गहने और नकदी लूट लेता था। बुजुर्गों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और इस गिरोह के 3 शातिर अपराधियों को धर दबोचा। इनके पास से लूटे गए गहने और कैश भी रिकवर किए गए हैं। पुलिस की माने तो यह नशे के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे।
वहीं तीसरी कामयाबी ग्रामीण इलाकों में दहशत का कारण बने भैंस चोरों की गिरफ्तारी के रूप में मिली है। रात के अंधेरे में डेरों और तबेले से पशु चोरी करने वाले इस शातिर गिरोह पर सीआईए-1 काफी समय से नजर रख रही थी। आखिरकार पुलिस ने इस गिरोह के 1 सदस्य यूपी के बुरहान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने अब तक कितनी चोरियों को अंजाम दिया है। पुलिस की माने तो बुरहान पर पहले 19 चोरी के मामले दर्ज है और इसके 3 साथियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)