अंबाला पुलिस की ''स्ट्राइक'': जुए के अड्डे पर रेड, 8 गिरफ्तार...दांव पर लगे 21 हजार बरामद
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 03:27 PM (IST)
अंबाला(अमन): अंबाला में सदर पुलिस ने जुआरियों पर शिकंजा कसते हुए जुआ खेलते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, बीते दिन अंबाला शहर के सदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव रामदास नगर के एक खुले मैदान में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आठ व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से पुलिस ने 21,060 रुपये की नकदी भी बरामद की है।
थाना प्रभारी शम्भू लाल ने बताया गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को जुआ खेलते हुए काबू किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सदर थाना लाया गया है। आज इन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और कोर्ट के आदेशानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।