नए वर्ष में होंगे अम्बाला और सोनीपत नगर निगम चुनाव

punjabkesari.in Monday, Dec 09, 2019 - 10:20 AM (IST)

चंडीगढ़(पांडेय): नव वर्ष 2020 में भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार को 2 नगर निगमों के चुनाव का सामना करना पड़ेगा। वहीं,निगम से अलग हुए गृहमंत्री के अम्बाला कैंट में भी नगर परिषद चुनाव की प्रक्रिया उसी समय पूरी की जाएगी। पंचकूला नगर निगम का मामला हाईकोर्ट में लंबित होने से चुनाव प्रक्रिया बाद में संपन्न हो पाएगी। अम्बाला नगर निगम और अम्बाला कैंट नगर परिषद में अगले 3 माह में वार्डबंदी का काम पूरा हो सकता है। वहीं,नवगठित सोनीपत नगर निगम में वार्डबंदी का काम लगभग पूरा हो चुका है। 

राज्य चुनाव आयुक्त कार्यालय में भी निकाय चुनावों को लेकर हलचल शुरू हो गई है। सूत्रों की मानें तो मार्च तक चुनाव का ऐलान हो सकता है। गत वर्ष 5 नगर निगमों के चुनाव हुए थे,जिनमें भाजपा ने बाजी मारी थी। अब 2 नगर निगमों और एक नगर परिषद के चुनाव में गठबंधन सरकार को चुनाव जीतना अहम चुनौती रहेगा।

बता दें कि गत वर्ष मंत्री विज के प्रयासों से अम्बाला नगर निगम टूटने से अम्बाला शहर में अब नगर निगम और कैंट में फिर से नगर परिषद बहाल हो गई है। मंत्री विज नगर निगम में अफसरों की लापरवाही और उनके रुटीन काम से नाराज थे। लिहाजा उन्होंने सरकार ने निगम तोड़कर अम्बाला कैंट को फिर नगर परिषद बनाने की मांग उठाई। हालांकि वार्डबंदी में काफी समय लगता है लेकिन विभागीय अफसरों का कहना है कि ब्लूपिंट्र तैयार कर लिया गया है जो तय समय में पूरा कर लिया जाएगा। 

दिलीप सिंह, राज्य चुनाव आयुक्त, हरियाणा ने कहा कि अम्बाला व सोनीपत नगर निगम और अम्बाला कैंट नगर परिषद की चुनाव प्रक्रिया एक साथ पूरी की जाएगी। काम शुरू हो चुका है लेकिन जब तक उक्त निकायों में विभाग की ओर से वार्डबंदी का काम पूरा नहीं होता तब तक चुनाव की तिथि को लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static