I Love Mohammad'' ट्रेंड पर अनिल विज का हमला: टूलकिट के जरिए देश में अशांति फैलाने की कोशिश

punjabkesari.in Tuesday, Sep 30, 2025 - 12:06 PM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने 'आई लव मोहम्मद' ट्रेंड पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे देश की शांति के खिलाफ एक साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि किसी को किसी से प्रेम हो, इसमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन अगर इसकी आड़ में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की जाए तो यह स्वीकार्य नहीं है।

विज ने कहा, “कोई किसी से लव करे, किसी को एतराज नहीं है, लेकिन प्रतीत हो रहा है कि टूलकिट के माध्यम से देश में अशांति पैदा करने के नए प्रयोग किए जा रहे हैं। लखनऊ में ‘I Love Mohammad’ के होर्डिंग्स लगना और कांग्रेस की इसमें भूमिका, यह सब एक साजिश का हिस्सा लगते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि अगर इस ट्रेंड की आड़ में पत्थरबाजी, फायरिंग या दंगे भड़काए जाएं, तो यह देश की शांति और कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बीजेपी को ‘वोट चोर’ और अब ‘पेपर चोर’ कहे जाने पर अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “कुछ बच्चों की भाषा बचपन में ही गंदी हो जाती है, और वे अच्छी भाषा का प्रयोग नहीं कर सकते। राहुल गांधी को क्या कहना है, वह खुद ही समझें, लेकिन उनका यह स्तर देश की राजनीति को शोभा नहीं देता।” विज ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह बार-बार "वोट चोरी" का शोर मचाते हैं लेकिन आज तक एक भी ऐसा मामला नहीं बता पाए जिसमें वोट चोरी हुई हो।

उन्होंने कहा कि, “कांग्रेस के बारे में बहुत कुछ कहा जा सकता है। इंदिरा गांधी का चुनाव ही फर्जी वोटिंग के आरोप में इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा रद्द कर दिया गया था। और उसी के बाद उन्होंने आपातकाल (Emergency) लगा दी थी। कांग्रेस का इतिहास ही लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली से खिलवाड़ का रहा है।”

अपराध को लेकर भी दी सफाई

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा कि हरियाणा में अपराध चरम पर है। इस पर अनिल विज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अपराध नियंत्रण को लेकर सदैव सतर्क और सक्रिय रहते हैं। प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है।” उन्होंने आगे कहा कि अगर सुरजेवाला अखबार पढ़ते या टीवी चैनल्स देखते, तो उन्हें पता चलता कि हाल ही में कई अपराधियों को धाराशायी किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static