दहेज की आग ने छीनी एक और जिंदगी! प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, आखिरी पोस्ट में लिखा- ''काश मुझे समझ पाते''
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 04:22 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान): हरियाणा के यमुनानगर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय नैना की मौत ने रिश्तों के अंदर छिपे दर्द को उजागर कर दिया है। नैना का शव उसके ससुराल के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि सुसाइड करने से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी डाली थी।
नैना ने अपनी पोस्ट में लिखा था, “मुझे किसी ने नहीं समझा, काश मुझे समझ पाते।” इसके साथ उसने एक दर्द भरा गाना भी शेयर किया, जिसके बोल उसके मानसिक हालात को बयां कर रहे थे।
15 दिन पहले गई थी ससुराल, छह साल के बेटे के सिर से उठा मां का साया
बता दें कि, नैना की शादी साल 2018 में अंबाला जिले के गांव कुराली निवासी गौरव के साथ हुई थी। दोनों का एक छह साल का बेटा भी है। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही नैना को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। करीब एक महीने पहले ससुराल में विवाद के बाद नैना अपने बेटे के साथ मायके आ गई थी। इस दौरान कई बार पंचायतें भी हुईं और समझौते के बाद करीब 15 दिन पहले वह वापस ससुराल चली गई थी।
अपना ब्यूटी पार्लर खोलना चाहती थी नैना
परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष बार-बार माफी मांगकर उसे साथ ले जाता था, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही प्रताड़ना शुरू हो जाती थी। नैना की मां के मुताबिक, उससे लगातार पैसे और सामान की मांग की जाती थी। परिजनों ने बताया कि नैना का सपना था कि वह एक बड़ा ब्यूटी पार्लर खोले। इसके लिए वह पार्लर का काम भी सीख रही थी और छोटे स्तर पर काम करके पैसे जोड़ रही थी, लेकिन उसका यह सपना अधूरा रह गया।
फिलहाल पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि आखिर कब तक दहेज और घरेलू प्रताड़ना जैसी समस्याएं इस तरह जिंदगियां खत्म करती रहेंगी।