यमुनानगर में खौफनाक वारदात: जिम से बाहर निकलते ही युवक पर लात-घूंसों और बैट से ताबड़तोड़ हमला, सीसीटीवी में कैद हुई लाइव घटना

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 10:01 AM (IST)

यमुनानगर(परवेज): यमुनानगर के साढौरा में मामूली विवाद को लेकर युवक की सरेआम पिटाई का मामला सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक एक युवक पर हमला करते नजर आ रहे हैं। घायल युवक की पहचान सन्नी के रूप में हुई है। सन्नी का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उस पर कुछ आरोप लगाए गए थे, जबकि उसका कहना है कि इस मामले में उसका कोई कसूर नहीं था।

 सन्नी के मुताबिक, कल शाम वह जिम से बाहर निकला ही था कि कुछ युवक वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। पहले उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई और इसके बाद बैट से भी हमला किया गया। हमले में सन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले साढौरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर यमुनानगर रेफर कर दिया गया। सन्नी के शरीर पर चोटों के निशान भी साफ दिखाई दे रहे हैं। वहीं, मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस वायरल सीसीटीवी वीडियो और घायल के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। अब पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर इस विवाद की असली वजह क्या थी और मारपीट में शामिल आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static