2 घंटे तक यूं ही फूंकता रहा एंटी स्मॉग मशीन का डीजल, स्थानीय लोगों ने सरकारी संसाधन व्यर्थ करने के लगाए आरोप
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 04:09 PM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद नगर निगम द्वारा शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए एंटी स्मॉग मशीनें तैनात की गई हैं। इन मशीनों का उद्देश्य सड़कों और प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में धूल व प्रदूषक कणों को नियंत्रित करना है लेकिन अब नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
सेक्टर-25 स्थित जलघर से एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें एंटी स्मॉग मशीन लगी गाड़ी को करीब दो घंटे तक बिना किसी उपयोग के चालू हालत में खड़ा दिखाया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मशीन के उपयोग के नाम पर नगर निगम का डीजल और सरकारी संसाधन व्यर्थ किए जा रहे हैं। यदि वीडियो में दिखाई गई स्थिति सही पाई जाती है तो यह सरकारी धन की बर्बादी और कर्मचारियों की लापरवाही का मामला माना जा सकता है। अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर निगम प्रशासन इस मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई करता है या नहीं। वहीं शहरवासी यह भी सवाल उठा रहे हैं कि जिन मशीनों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए खरीदा गया, वे सड़कों पर कम और सरकारी परिसरों में अधिक क्यों दिखाई देती हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)