3 साल का इंतजार खत्म, हरियाणा में ग्रुप-डी CET के लिए आज से करें आवेदन, जानें कब तक मिलेगा मौका
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 09:10 AM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा में ग्रुप-डी (चतुर्थ श्रेणी) सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का लंबा इंतजार आखिर खत्म हो गया। 3 साल के इंतजार के बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एच.एस.एस.सी.) ने ग्रुप-डी कॉमन एलिजिबिलिटी टैस्ट (सी.ई.टी.)-2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। शुक्रवार 19 जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 3 जुलाई रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि 6 जुलाई तक आवेदन शुल्क जमा कराया जा सकेगा। वर्ष 2023 के बाद पहली बार ग्रुप-डी सी.ई.टी. आयोजित किया जा रहा है।
आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि परीक्षा की तिथि और एडमिट कार्ड जारी करने का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा। आवेदन में त्रुटि होने पर 7 से 9 जुलाई तक करैक्शन विंडो भी उपलब्ध रहेगी। इस बार ग्रुप डी भर्ती में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि सामाजिक-आर्थिक आधार पर मिलने वाले अतिरिक्त अंक पूरी तरह समाप्त कर दिए गए हैं। अब चयन पूरी तरह सी.ई.टी. में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा। जिन पदों की न्यूनतम योग्यता दसवीं से अधिक है, वहां मैरिट 100 प्रतिशत सी.ई.टी. स्कोर से तैयार होगी। परीक्षा का प्रश्नपत्र दो भागों में होगा। पहले भाग में सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, गणित, हिंदी, अंग्रेजी और संबंधित विषयों से 75 प्रतिशत प्रश्न होंगे, जबकि दूसरे भाग में हरियाणा सामान्य ज्ञान, इतिहास, संस्कृति, साहित्य, भूगोल, पर्यावरण और समसामयिक घटनाओं से 25 प्रतिशत प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नों का स्तर मैट्रिक के अनुरूप रहेगा। आयोग ने विभिन्न आरक्षित वर्गों के प्रमाणपत्रों की वैधता को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बीसी-ए, बीसी-बी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के प्रमाणपत्र 1 अप्रैल 2026 या उसके बाद जारी तथा अंतिम तिथि तक वैध होने चाहिए। डी.एस.सी. और ओ.एस.सी. वर्ग के प्रमाणपत्र 13 नवंबर 2024 के बाद जारी होना अनिवार्य है। वहीं दिव्यांग, ई.एस. पी. और पूर्व सैनिक आश्रितों के प्रमाणपत्र भी निर्धारित तिथि तक वैध होना जरूरी होगा। पिछली बार ग्रुप-सी सी.ई.टी. के लिए 13.45 लाख आवेदन आए थे, जबकि इस बार ग्रुप-डी सी.ई.टी. में 15 लाख से अधिक आवेदन आने की संभावना जताई जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)