ग्रुप-D भर्ती की आवेदन प्रक्रिया में तकनीकी दिक्कत, एडवाइजरी जारी...HSSC ने जारी किए हैल्पलाइन नंबर
punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 11:05 AM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ग्रुप-डी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही तकनीकी दिक्कतें सामने आने लगी हैं। उम्मीदवारों ने शिकायत की है कि आवेदन पोर्टल पर प्रमाणपत्र अपलोड होने में काफी समय लग रहा है, जबकि कई अभ्यर्थियों को रिहायशी प्रमाण पत्र अपलोड करने के बाद भी मिसमैच का संदेश दिखाई दे रहा है।
वहीं आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने उम्मीदवारों से प्रमाणपत्रों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अलग-अलग श्रेणियों के प्रमाण पत्र निर्धारित अवधि के भीतर जारी होने चाहिएं। गलत या पुराने प्रमाण पत्र अपलोड करने पर आवेदन में दिक्कत आ सकती है।
दरअसल हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने 19 जून से ग्रुप-डी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित की गई है। पहले ही दिन पोर्टल पर भारी ट्रैफिक के कारण आवेदन प्रक्रिया धीमी पड़ गई जिससे उम्मीदवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हिसार, रोहतक और अन्य जिलों के कई अभ्यर्थियों ने बताया कि आवेदन शुल्क जमा होने के बाद भी अगली प्रक्रिया में समय लग रहा है। उम्मीदवारों ने शुक्रवार रात पोर्टल के कुछ समय के लिए ठप्प होने की शिकायत भी की। इसके कारण आवेदन प्रक्रिया प्रभावित हुई और कई अभ्यर्थियों को दोबारा लॉगिन करना पड़ा। आयोग का कहना है कि तकनीकी टीम पोर्टल की निगरानी कर रही है और समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। आयोग ने उम्मीदवारों की समस्याएं और सुझाव लेने के लिए हैल्पलाइन नंबर 9063493990 जारी किया है। इसके अलावा गूगल फॉर्म के माध्यम से भी फीडबैक मांगा गया है। उम्मीदवार सुबह 9 से शाम 6 बजे तक अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)