चलती बस से युवक को उतारने पर कंडक्टर से बहस : रोडवेज बस के दरवाजे पर लटका रहा यात्री, शिकायत पर बोला– डरता नहीं
punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 04:17 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में हरियाणा रोडवेज बस में चढ़ने को लेकर कंडक्टर और एक युवक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कंडक्टर ने युवक को चलती बस से नीचे उतरने के लिए मजबूर किया और इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई।
जानकारी के अनुसार फतेहाबाद डिपो की रोडवेज बस हरिद्वार से सिरसा लौट रही थी। रविवार दोपहर जब बस लाडवा के अंबेडकर चौक के पास पहुंची तो एक युवक बस में चढ़ने की कोशिश करने लगा। बताया जा रहा है कि युवक बस के दरवाजे पर लटक गया, जिस पर कंडक्टर ने उसे नीचे उतरने के लिए कहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंडक्टर और युवक के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। युवक बस के दरवाजे के पास खड़ा रहा, जबकि कंडक्टर उसे अंदर बैठने की अनुमति देने के बजाय नीचे उतरने के लिए कहता रहा। बाद में बस रुकने पर युवक खुद नीचे उतर गया। बस फतेहाबाद डिपो की बताई जा रही है और उस समय ड्यूटी पर कंडक्टर वीरेंद्र सिंह तैनात था।
ड्यूटी इंचार्ज बोले- शिकायत नहीं आई
मामले को लेकर ड्यूटी इंचार्ज शिव दयाल ने बताया कि अभी तक रोडवेज प्रशासन के पास कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक चलती बस में चढ़ गया था, जिस कारण कंडक्टर उसे नीचे उतरने के लिए कह रहा था। हालांकि चलती बस में किसी यात्री को उतारना भी सही नहीं माना जाता।
कंडक्टर का पक्ष
कंडक्टर वीरेंद्र सिंह का कहना है कि युवक बंद दरवाजे पर लटककर बस में चढ़ गया था। इससे हादसे की आशंका थी। यदि कोई दुर्घटना हो जाती तो उसकी जिम्मेदारी चालक और कंडक्टर पर आती। इसलिए युवक को बस स्टैंड से ही बस में चढ़ने के लिए कहा गया था।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)