आशा वर्करों ने वेतनमान बढ़ाने की मांग को लेकर मंत्री मूलचंद शर्मा के कार्यालय का किया घेराव
punjabkesari.in Saturday, Aug 12, 2023 - 07:06 PM (IST)

फरीदाबाद(अनिल राठी): जिले में हड़ताल पर बैठी आशा वर्करों ने आज कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आशा वर्करों ने कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा को अपना मांग पत्र सौंपा।
आशा वर्कर यूनियन की प्रधान हेमलता ने बताया कि आज पूरे प्रदेश में मंत्रियों और विधायकों का घेराव किया गया है। इसी कड़ी में फरीदाबाद में भी कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा का घेराव करने और मांग पत्र सौंपने के लिए कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा के कार्यालय पर हम लोग पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सिर्फ 8000 रुपये ही मानदेय दिया जा रहा है। इतने कम मानदेय में एक आशा वर्कर अपने परिवार का गुजारा नहीं कर सकती। इसके साथ स्वास्थ्य विभाग आशा वर्करों से अपने कार्य से भी अधिक कार्य करवाया जाता है। मांग पत्र में यह भी लिखा गया है कि सभी आशा वर्करों को 26000 रुपए की मानदेय सरकार द्वारा दी जाए। इन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी सभी सुविधाएं भी दी जाए। अगर सरकार इसके बावजूद भी मांग पत्र के माध्यम से मांगों को नहीं पूरा करती तो जो हड़ताल 17 अगस्त तक की गई है। इसे अनिश्चितकालीन तक बढ़ा दिया जाएगा।
आशा वर्करों के मांग पत्र को लेने के बाद कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि आशा वर्करों की मांग जायज है। मांगों पर विचार किया जाएगा। जब भी कैबिनेट की बैठक होगी, उसमें आशा वर्करों की मांगों को रखा जाएगा और उनकी मांगों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री से कहा जाएगा।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)