धूं-धूं कर जल उठा ATM बूथ, मशीन व कैश जला

punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 08:50 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): नाथूपुर सब्जी मंडी के पास मंगलवार दोपहर हिताची कंपनी के एटीएम बूथ में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बूथ से धुआं और आग की लपटें निकलती देख स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की चपेट में आने से एटीएम मशीन और बूथ में रखा अन्य सामान जल गया। बताया जा रहा है कि मशीन में कैश भी मौजूद था जोकि इस आग की भेंट चढ़ गया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि मशीन में कितना कैश मौजूद था। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे हुई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई और पानी का छिड़काव कर आग बुझाई। दमकलकर्मियों की मानें तो प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कंपनी के कर्मचारी कुछ समय पहले ही एटीएम में कैश डालकर गए थे। डीएलएफ फेज-3 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित का कहना है कि एटीएम बूथ को संचालित करने वाली कंपनी और संबंधित बैंक के अधिकारियों को सूचना दी गई है। जांच के बाद ही आग लगने के सही कारण और एटीएम में रखे कैश व अन्य सामान के नुकसान का पता चलेगा। यदि कोई संदिग्ध बात सामने आती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static