पहले तोड़ी टांग, फिर गले में कपड़ा डालकर सड़क तक घसीटा... कुरुक्षेत्र में 80 वर्षीय पुजारी के साथ हैवानियत की हदें पार

punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 08:14 AM (IST)

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोर) : जिला कुरुक्षेत्र के अढ़ोनी गांव में 80 वर्षीय बुजुर्ग पुजारी के साथ हुई बेरहमी ने पूरे गांव को झकझोर दिया। मंदिर में अकेले रहकर सेवा और साफ-सफाई करने वाले पुजारी पर दो लोगों ने लाठी से हमला कर दिया। आरोप है कि पहले उन्हें बुरी तरह पीटा गया, उनकी टांग तोड़ दी गई और अधमरा करने के बाद गले में कपड़ा डालकर सड़क तक घसीटा गया। पूरी वारदात मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

गांव के सरपंच परमजीत सिंह के अनुसार, घटना देर शाम करीब 4 बजे के बीच की है। उस समय बुजुर्ग पुजारी रोज की तरह मंदिर में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी पंकज अपनी गाड़ी से वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह सामने स्थित पीर की मजार पर बैठता है।

पत्नी से मंगवाई लाठी, फिर शुरू कर दी पिटाई

सरपंच के मुताबिक, आरोपी ने वहां पहुंचने के बाद अपनी पत्नी से लाठी मंगवाई। इसके बाद उसने बुजुर्ग पुजारी पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। लाठी के जोरदार प्रहार से पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि उनकी टांग भी तोड़ दी गई और उन्हें अधमरी हालत में छोड़ दिया गया।

दूसरा आरोपी भी पहुंचा, गले में कपड़ा डालकर सड़क तक घसीटा

ग्रामीणों के अनुसार, घटना के दौरान आरोपी के साथ एक और व्यक्ति भी था, जिसकी पहचान इंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह डेरा रायावाला से जुड़ा हुआ है।आरोप है कि दोनों ने मिलकर घायल पुजारी के गले में कपड़ा (परना) डाला और उन्हें सड़क तक उसी तरह घसीटकर ले गए, जैसे किसी शव को खींचा जाता है। इसके बाद उन्हें गांव के चौराहे पर छोड़ दिया।

सुबह खून देखकर लोगों को हुआ शक

अगली सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने मंदिर के आसपास खून पड़ा देखा। पुजारी भी वहां नहीं मिले। इसके बाद गांव के लोग सरपंच के पास पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। सरपंच ने तुरंत मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज देखने पर पूरी वारदात सामने आ गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सरपंच बोले- वजह क्या थी, यह आरोपी ही बता सकता है

सरपंच ने बताया कि गांव वालों को अब तक यह नहीं पता कि आरोपी ने पुजारी पर हमला क्यों किया। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वे शांत स्वभाव के थे और पूरे मंदिर की सेवा और साफ-सफाई करते थे। हालांकि कुछ रंजिश की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि हमला किस वजह से किया गया, इसका जवाब केवल आरोपी ही दे सकता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static