पानीपत में बच्ची को लालच देकर साथ ले जाने लगी महिला, तभी मासूम ने मचाया शोर और फिर...

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 02:55 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत शहर की महादेव कॉलोनी में रविवार 29 मार्च की देर शाम बच्चा चोरी के शक में एक संदिग्ध महिला को पकड़े जाने से सनसनी फैल गई। कॉलोनी के लोगों ने महिला को रंगे हाथ उस समय दबोचा, जब वह एक बच्ची को जबरन साथ ले जाने का प्रयास कर रही थी। तलाशी के दौरान महिला के पास से संदिग्ध वस्तुएं मिलने पर मामला और भी गंभीर हो गया है।

बच्ची को लालच देकर हाथ पकड़ा, ले जाने लगी बाहर

महादेव कॉलोनी की एक स्थानीय बच्ची ने बताया कि महिला ने उसे चीज दिलाने का लालच देकर अपने पास बुलाया और साथ चलने को कहा। जब बच्ची नहीं मानी, तो महिला ने उसका हाथ पकड़ लिया और उसे कॉलोनी से बाहर की ओर खींचने लगी। शोर मचने पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और महिला को घेर लिया। पकड़े जाने के बाद जब स्थानीय लोगों ने महिला की तलाशी ली, तो उसके बैग से ब्लेड और नशीली गोलियां (दवाएं) जैसी संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुईं। महिलाओं का आरोप है कि वह संदिग्ध अवस्था में घूम रही थी और बच्चों को खाने-पीने का सामान देकर फंसाने की कोशिश कर रही थी। बैग से मिले सामान ने लोगों के मन में किसी बड़े गिरोह या साजिश का डर पैदा कर दिया है।

डायल 112 और किला थाना पुलिस की कार्रवाई

गुस्साए लोगों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और महिला को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। किला थाना पुलिस अब महिला से पूछताछ कर रही है कि वह कहां की रहने वाली है और उसके बैग में मिले ब्लेड व दवाओं का क्या मकसद था।

पुलिस की चेतावनी

किला थाना पुलिस ने बताया कि महिला से पूछताछ जारी है और तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध को देखने पर कानून हाथ में न लें, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचित करें।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static