पानीपत में मैरिज फंक्शन में गुंडागर्दी, होटल मालिक के बेटे को 20 लोगों ने बेरहमी से पीटा; कमरे में बंद होकर बचाई जान

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 10:29 AM (IST)

पानीपत ( सचिन शर्मा ) : पानीपत में इंडस्ट्रीयल एरिया में स्थित होटल सोमाया में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। शुक्रवार रात को होटल में चल रहे एक मैरिज फंक्शन में तकनीकी खराबी के कारण एयर कंडीशनर बंद हो गए। इससे आक्रोशित फंक्शन में शामिल लोगों ने होटल मालिक के बेटे को घेर लिया।

पहले हमलावरों ने उस पर थप्पड़ों, लात-घूंसों की बौछार कर दी और फिर उसकी टी-शर्ट तक फाड़ डाली। यह पूरी वारदात होटल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें होटल मालिक के बेटे पर 15 से 20 लोग बेरहमी से हमला कर रहे है, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने कमरे में खुद को बंद करके अपनी जान बचाई। होटल में तोड़फोड़ का भी आरोप है।

होटल प्रबंधन ने इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि दूसरे पक्ष ने शिकायत दी है, मामले की जांच की जा रही है। शुक्रवार को सेक्टर-25 स्थित सोमाया होटल में मैरिज फंक्शन चल रहा था। दोपहर को हल्दी की रस्म हुई और शाम को मुख्य कार्यक्रमों की तैयारियां जारी थीं। इसी दौरान होटल के हॉल के AC में अचानक कुछ तकनीकी खराबी आ गई, जिससे कूलिंग कम हो गई। होटल का तकनीकी स्टाफ इस खराबी को ठीक करने का प्रयास कर ही रहा था कि कुछ युवक भड़क गए।

वे सीधे होटल के रिसेप्शन और काउंटर पर पहुंचे और गालियां देने लगे। होटल मालिक के बेटे वत्सल सिंगला ने उन्हें शांत रहने और समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। इससे युवक और ज्यादा उग्र हो गए। देखते ही देखते युवकों ने वत्सल सिंगला को चारों तरफ से घेर लिया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवकों ने वत्सल सिंगला पर लगातार थप्पड़, मुक्के और लातें बरसाईं। वत्सल अकेले ही खुद को बचाने और भीड़ के चंगुल से छूटने का लगातार प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन भीड़ उन पर लगातार प्रहार करती रही।

होटल की सुरक्षा में तैनात बाउंसरों ने जब बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो भीड़ ने उन्हें भी पीछे धकेल दिया। वत्सल की टी-शर्ट तक फाड़ डाली। होटल परिसर में भी तोड़फोड़ करने की कोशिश की। इससे वहां मौजूद अन्य मेहमानों और स्टाफ में डर का माहौल पैदा हो गया। इसके बाद होटल के अन्य कर्मचारियों और सेवादारों ने हिम्मत दिखाई और वत्सल सिंगला को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। वत्सल को गंभीर चोटें आई थीं और वे लहूलुहान हो चुके थे। स्टाफकर्मी उन्हें तुरंत सुरक्षित बचाते हुए अंदर एक कमरे में ले गए और भीतर से कुंडी लगा ली।

भीड़ कमरे के बाहर भी काफी देर तक हंगामा करती रही। दरवाजा तोड़ने का प्रयास करती रही। यह हंगामा काफी देर चला। वहीं, इस मामले में हमलावर पक्ष यानी सेक्टर-24 के रहने वाले अनुराग ने होटल प्रबंधन पर आरोप लगाया है। अनुराग का कहना है कि उन्होंने शादी के लिए होटल बुक किया था, जहां सुबह से एसी नहीं चल रहा था।

जब उन्होंने इसकी शिकायत की, तो वत्सल सिंगला ने गाली-गलौज की और बाउंसरों से उन्हें बाहर निकालने और हॉल की लाइटें बंद करने की धमकी दी। अनुराग का दावा है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।इस बारे में चांदनीबाग थाना प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि कल शुक्रवार को कंट्रोल रूम नंबर डायल 112 से सोमाया होटल में झगड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर वह खुद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों ने शिकायत दी है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static