Faridabad: भरभराकर अचानक गिरा मकान का छज्जा, महिला की गई जान... सदमे में पूरा परिवार
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 10:24 AM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित सुभाष कॉलोनी के हरि विहार इलाके में बुधवार सुबह एक हादसा हो गया। मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिरने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला सुबह शौच के लिए छज्जे पर बने बाथरूम में गई थी।
पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल
पुलिस के अनुसार हरि विहार निवासी जयवती (55) बुधवार सुबह करीब 6 बजे बाथरूम के लिए उठी थीं। वह छज्जे पर बने बाथरूम में दाखिल ही हुई थीं कि अचानक बाथरूम वाला हिस्सा छज्जे समेत टूटकर नीचे गिर गया। छज्जा गिरने से जयवती मलबे के नीचे दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल मलबा हटा महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के बाद सदमे में परिवार
मृतका की बेटी संगीता ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के चलते वह और उसकी दोनों बहनें अपनी मां के घर आई हुई थीं। परिवार पहले ही पिता को खो चुका है और अब घर में केवल एक भाई ही बचा है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)