बहुचर्चित बैंक घोटाला : निलंबित IAS प्रदीप कुमार फरार, पंकज अग्रवाल सस्पैंड
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 09:02 AM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा के बहुचर्चित बैंक घोटाले के मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक सी.बी.आई. के निशाने पर अब निलंबित आई.ए. एस. अधिकारी प्रदीप कुमार हैं। एजेंसी उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वहीं आई.ए.एस. अधिकारी प्रदीप कुमार ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि गिरफ्तारी की आशंका के बीच वह फिलहाल जांच एजेंसी की पहुंच से बाहर हैं। उनका फोन भी बंद आ रहा है। सूत्रों का कहना है कि वीरवार को चंडीगढ़ में उनकी गिरफ्तारी के लिए 3 जगहों में सी.बी.आई. ने दबिश दी लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि सी.बी.आई. की पूछताछ में उनके परिजनों ने भी अनभिज्ञता जताई है। बताया जा रहा है कि प्रदीप कुमार 3 दिन से लापता हैं लेकिन परिवार की ओर से इस मामले में अभी तक कोई भी जानकारी पुलिस को दी गई हैं।
वहीं घोटाले में सलाखों के पीछे पहुंचे आई.ए.एस. एवं आर्किटेक्चर विभाग के प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल (बैच-2000) को सरकार ने निलंबित कर दिया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी आदेश अनुसार पंकज अग्रवाल को 22 जून 2026 से निलंबित माना गया है। नियमानुसार 24 घंटे से ज्यादा किसी अधिकारी के पुलिस हिरासत में रहने की स्थिति में उसे सस्पेंड किया जाता है। सी.बी.आई. ने पंकज को 22 जून की रात हिरासत में लिया था। सी.बी.आई. द्वारा दर्ज मामले में आरोपी आई.ए.एस. अधिकारी प्रदीप कुमार ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है। पंचकूला की जिला अदालत ने याचिका पर प्रारंभिक सुनवाई करते हुए सी.बी.आई. को नोटिस जारी कर 2 जुलाई तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)