900 गुना पैसा बढ़ाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, भिवानी में सम्मोहित करके शख्स को बनाया शिकार , पूरा मामला जान उड़ेंगे होश
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 11:46 AM (IST)
भिवानी : हरियाणा के भिवानी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी की गई। शख्स को पैसों को 900 गुना बढ़ाकर देने का लालच देकर करीब 5 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। आरोप है कि ठगों ने पीड़ित को सम्मोहित करके जाल में फंसाया और करोड़ों रुपये की नकदी के साथ भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए है।
जानकारी के अनुसार, भिवानी के चिड़ियाघर रोड निवासी बलवान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जून 2025 में उनकी मुलाकात बिहार निवासी शत्रुघन नामक व्यक्ति से हुई थी। शत्रुघन ने उन्हें राजस्थान के एक ध्यान योग केंद्र से जुड़े आनंद स्वामी नामक बाबा के बारे में बताया। उसने दावा किया कि बाबा अपनी विशेष शक्तियों से पैसों को कई गुना बढ़ाने की ताकत रखते हैं।
शिकायत के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को बलवान सिंह को देहरादून बुलाया गया, जहां करीब पांच दिन बाद उनकी मुलाकात कथित बाबा से कराई गई। बाबा ने दावा किया कि विशेष हवन के जरिए उन्हें 4700 करोड़ रुपये प्राप्त हो सकते हैं, लेकिन इसके लिए विदेश से सामग्री मंगानी होगी, जिस पर करीब 5 करोड़ रुपये खर्च आएंगे। आरोप है कि इसी बहाने बलवान सिंह से 1.49 करोड़ रुपये नकद, 2 किलो सोने के आभूषण और 15 किलो चांदी के गहने ले लिए गए। इतना ही नहीं, बाद में आरोपियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए भी लाखों रुपये ऐंठे और भिवानी पहुंचकर 25 लाख रुपये नकद तथा 1 किलो सोने के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए। आरोपियों से पीड़ित ने आखिरी बार फोन पर बात 23 अप्रैल को हुई थी। जिसके बाद उनके फोन बंद आए। पीड़ित ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।