CWG 2026 : हरियाणा की छोरी जैस्मिन लांबोरिया ने कॉमनवेल्थ गेम्स में गाड़ दिया लट्ठ, बॉक्सिंग में जीता Gold Medal...बढ़ाया देश का मान
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 04:46 PM (IST)
भिवानी (अशोक) : कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने सातवां गोल्ड मेडल जीत लिया है। जैस्मिन लांबोरिया ने विमेंस बॉक्सिंग की 57 KG कैटेगरी के फाइनल में नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकाएला वॉल्स को हराकर गोल्ड जीता। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। जैस्मिन की जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भिवानी की धरती देश को उत्कृष्ट खिलाड़ी देने में अग्रणी रही है। फाइनल मुकाबले में जैस्मिन ने आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को मात दी। स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही उन्होंने भारत का तिरंगा अंतरराष्ट्रीय मंच पर बुलंद किया और देश का गौरव बढ़ाया।

इससे पहले विमेंस बॉक्सिंग के 54 KG वर्ग में प्रीति पवार ने कनाडा की सवाना डोलमागो को हराकर गोल्ड अपने नाम किया था। इसके साथ ही भारत के 7 गोल्ड सहित कुल 27 मेडल हो गए हैं। भारत मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंच गया है। जैस्मिन की जीत की खबर मिलते ही उनके परिवार में खुशी का माहौल छा गया। परिजनों ने मिठाइयां बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया और कहा कि जैस्मिन ने वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी देश के लिए ऐसे ही पदक जीतती रहेंगी।

भिवानी के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने भी जैस्मिन लंबोरिया को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनका कहना है कि जैस्मिन की सफलता जिले के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर भिवानी के खिलाड़ियों ने जिले की पहचान विश्वभर में स्थापित की है। खेल प्रेमियों ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि जैस्मिन लंबोरिया जैसी प्रतिभाओं को हर संभव प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे भविष्य में भी भारत के लिए स्वर्णिम सफलताएं हासिल करती रहें। जैस्मिन की इस उपलब्धि पर पूरे प्रदेश में गर्व और उत्साह का वातावरण है।
वहीं, भारत के 8 और मुक्केबाज गोल्ड मेडल के लिए फाइनल में उतरेंगे। शाम 4:15 बजे जदुमणि सिंह (55 KG), रात 9 बजे साक्षी चौधरी (51 KG), 9:15 बजे प्रिया घंघास (60 KG), 9:30 बजे अरुंधति चौधरी (70 KG), 10:15 बजे लवलीना बोरगोहेन (75 KG), 10:45 बजे सचिन सिवाच (60 KG), 11:15 बजे अंकुश पंघाल (80 KG) और 11:45 बजे नरेंद्र बरवाल (90+ KG) अपने-अपने फाइनल मुकाबले खेलेंगे।