24 घंटे की रेस में भिवानी की बेटी का कमाल, जापान में मुकेश कुमारी ने जीता ब्रॉन्ज मेडल...जापान में लहराया तिरंगा

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 12:04 PM (IST)

भिवानी: जापान के हिरोसाकी शहर में 23-24 मई को हुई 2026 आईएयू 24 घंटे एशिया एवं ओशिनिया चैंपियनशिप में भारत की धाविका मुकेश कुमारी ने कांस्य पदक जीता है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 8 देशों के 70 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। हिरोसाकी सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में खिलाड़ियों को लगातार 24 घंटे तक दौड़ लगानी थी जिसमें शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता की भी कड़ी परीक्षा हुई। भिवानी के गांव सोरदा कदीम की मुकेश कुमारी ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच बेहतरीन प्रदर्शन कर भारत को पदक दिलाया है।

"अब अगला लक्ष्य विश्व चैंपियनशिप"
इस ऐतिहासिक जीत के बाद भावुक और उत्साहित मुकेश कुमारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतना उनके और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय कड़े प्रशिक्षण और देशवासियों के समर्थन को दिया। मुकेश ने बताया कि इस सफलता के बाद अब उनका पूरा ध्यान आगामी 'विश्व चैंपियनशिप' की तैयारियों पर है। उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि वह अपनी कड़ी मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण के दम पर विश्व स्तर पर भी तिरंगा लहराने का हरसंभव प्रयास करेंगी। मुकेश कुमारी की इस बड़ी उपलब्धि पर उनके गृह जिले भिवानी और पूरे हरियाणा में जश्न का माहौल है, और खेल जगत से जुड़े लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।

  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static