सबसे बड़ा साइबर फ्रॉड : प्रॉपर्टी कारोबारी को ठगों ने लगाया 17 करोड़ का चूना, जमीन बेचकर मिली थी रकम
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 04:37 PM (IST)
फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रॉपर्टी कारोबारी 17 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार हो गया। यह मामला जिले का अब तक का सबसे बड़ा साइबर फ्रॉड बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि कारोबारी को यह रकम हाल ही में हाईवे किनारे एक एकड़ जमीन बेचने पर मिली थी।
इस बड़े मामले के सामने आने के बाद पुलिस भी सतर्क हो गई है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता खुद इस केस की निगरानी कर रहे हैं। साइबर थाना सेंट्रल में मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए 20 टीमों का गठन किया गया है।
दर्ज शिकायत के अनुसार, सेक्टर-15 निवासी कारोबारी के मोबाइल पर शेयर बाजार में निवेश से जुड़ा एक मैसेज आया था। इसी के जरिए उसकी साइबर ठगों से बातचीत शुरू हुई। ठगों ने खुद को शेयर बाजार के एक्सपर्ट की टीम बताकर भरोसा दिलाया कि वे सुरक्षित निवेश के जरिए अच्छा मुनाफा दिला सकते हैं। इसके बाद उन्होंने कारोबारी को एक ऐसा मोबाइल ऐप डाउनलोड कराया, जो देखने में असली निवेश ऐप जैसा ही था, लेकिन असल में वह पूरी तरह फर्जी था।
पहले मुनाफा दिखाया, फिर करोड़ों हड़पे
शुरुआत में कारोबारी ने छोटी रकम निवेश की, जिस पर ऐप में लगातार मुनाफा दिखाया गया। इससे उसका भरोसा बढ़ता गया। मुनाफे के लालच में आकर उसने धीरे-धीरे करोड़ों रुपये निवेश कर दिए। लेकिन जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठग बहाने बनाने लगे। तब जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)