घोटालों को दबाने में लगी BJP-JJP सरकार, जनता के हितों से इनका कोई लेना देना नहीं : अभय चौटाला

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2020 - 09:53 AM (IST)

हिसार(विनोद):  प्रदेश की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार को जनता के हितों से कोई लेना देना नहीं है। सरकार में लगातार घोटाले हो रहे हैं, लेकिन सरकार इन घोटालों के दोषियों पर कार्यवाही करने की बजाय उनको बचाने में लगी हुई है। यह बात आज इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने सिरसा रोड स्थित ताऊ देवीलाल सदन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।  उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार में पिछले 9 महीनों में 9 घोटाले उजागर हुए हैं। इनमें धान घोटाला, गेहूं व सरसों  की खरीद में घोटाला, चावल मिलों से कम चावल मिलने का घोटाला, लॉकडाउन में शराब घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला, ट्रांसफर घोटाला, परिवहन विभाग में किलोमीटर स्कीम घोटाला, अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग के छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृति में घोटाला और फसल बीमा घोटाला।

उन्होंने कहा कि इनेलो भाजपा-जजपा सरकार के घोटालों को लगातार उजागर कर रही है और सरकार से इनकी सीबीआई से जांच करवाने की मांग कर रही है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इन घोटालों से साफ है कि इस सरकार को जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। उनको केवल अपनी जेबें भरने से फुर्सत नहीं है।  अभय सिंह ने कहा कि बरौदा उपचुनाव प्रदेश की राजनीति में बदलाव लाने का काम करेगी और इस उपचुनाव के बाद एक बार फिर इनेलो प्रदेश की राजनीति का केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता बरौदा उपचुनाव को लेकर कमर कस लेंं और हलका में अपने संपर्क के लोगों से संपर्क साधना शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी से यह चर्चा शुरू हो गई है कि बरौदा उपचुनाव में इनेलो और कांग्रेस की टक्कर होगी। भाजपा-जजपा को अपनी जमानत बचाने के लाले पड़ जाएंगे। भाजपा राज में सबसे बड़ी मार किसानों पर पड़ी है। पहले फसल खरीद के समय किसानों को लूटा गया और अब टिड्डी दल के बहाने किसानों की कमर तोडऩे का काम राज्य सरकार ने किया है।

उन्होंने कहा कि बहुत पहले ही पता चल गया था कि राजस्थान के रास्ते से हरियाणा में टिड्डी दल का प्रवेश होगा, लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। टिड्डी दल के हमले को रोकने की दिशा में कोई काम नहीं किया। टिड्डी दल को केवल हवाई स्प्रे से ही नष्ट किया जा सकता है, लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया। यहां तक दवाई के  नाम पर पानी का स्प्रे कर घोटाला करने का काम किया गया। टिड्डी दल ने किसानों की फसलों को चौपट कर दी। सरकार को किसानों से कोई लेना देना नहीं है। किसान मर जाए, इसकी सरकार को चिंता नहीं है। इस दौरान सैंकड़ों लोगों ने जजपा, कांग्रेस व भाजपा छोड़कर इनेलो में शामिल होने की घोषणा की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static