हरियाणा को बैक गियर में चला रही है भाजपा-जजपा सरकार: भूपेंद्र हुड्डा

punjabkesari.in Wednesday, Jan 25, 2023 - 08:56 AM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि भाजपा-जजपा सरकार हरियाणा को बैक गियर में चला रही है, क्योंकि 2014 से पहले जो हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार सृजन और विकास में नंबर वन था, उसे भाजपा ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध में नंबर वन बना दिया। हुड्डा आज कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान के साथ पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

पिछले 2 साल से पी.आर.आई. की ग्रांट भी नहीं दी जा रही

हुड्डा ने कहा कि सरपंचों पर ई-टेंडरिंग थोप कर सरकार पंचायती राज व्यवस्था को कमजोर कर रही है। पंचायतों और गांव के प्रति सरकार का नकारात्मक रवैया तभी स्पष्ट हो गया था जब उसने बार-बार चुनाव को टाला था। आखिरकार कोर्ट के आदेश पर चुनाव हुए और जनता के वोटों से सरपंच चुने गए। लेकिन अब सरकार उन्हें काम नहीं करने देना चाहती। इसलिए उन्हें ई-टेंडरिंग के जंजाल में फंसा दिया गया। इसी तरह पिछले 2 साल से पी.आर.आई. की ग्रांट भी नहीं दी जा रही।

कॉलेजों में आधे से ज्यादा 4500 पद खाली

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर शिक्षा व्यवस्था का बंटाधार करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्कूलों के साथ कालेजों में भी टीचर्स का टोटा है। प्रदेश के कालेजों में स्वीकृत करीब 8000 पदों में आधे से ज्यादा 4500 पद खाली पड़े हैं। उन्होंने खाली पड़े पदों पर जल्द व पारदर्शी तरीके से भर्ती की मांग।

पाले के चलते सरसों की 60 फीसदी तक फसल खराब हो चुकी 

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मौसम की मार झेल रहे सरसों किसानों के लिए मुआवजे की मांग की। पाले के चलते सरसों की 60 फीसदी तक फसल खराय हो चुकी है लेकिन अब तक सरकार द्वारा स्पेशल गिरदावरी और मुआवजे के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। हुड्डा ने एक बार फिर सरकार से गन्ने का रेट बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों को उनकी फसलों का उचित रेट देने के लिए जो कोशिश शुरू की थी, बी.जे.पी. ने सत्ता में आने के बाद उस पर ब्रेक लगा दी।


कुश्ती संघ अध्यक्ष ने अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए मेरा और दीपेंद्र का नाम घसीटा


हुड्डा ने पहलवानों द्वारा कुश्ती संघ व उसके । अध्यक्ष पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि कुश्ती संघ अध्यक्ष ने अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए मामले में उनका और दीपेंद्र का नाम घसीटा। कानूनी सलाह- मशविरा के बाद उन पर मानहानि का मुकद्दमा करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के खेल मंत्री पर लगे आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की।पूर्व मुख्यमंत्री ने दोहराया कि गठबंधन सरकार ने जनता को परेशान करने के लिए उस पर परिवार पहचान पत्र और प्रॉपर्टी आई.डी. को थोपा है। हुड्डा ने कहा कि पी.पी.पी. और प्रॉपर्टी आई.डी. के जरिए सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के अलावा कोई काम नहीं किया। कांग्रेस सरकार बनने पर पी.पी.पी. और प्रॉपर्टी आई.डी. को बंद किया जाएगा।


प्रदेश में 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाने जा रही कांग्रेस

इससे पहले चौधरी उदयभान ने पत्रकारों को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा को ऐतिहासिक सफलता मिली। उदयभान ने बताया कि अब कांग्रेस हरियाणा में कांग्रेस 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाने जा रही है। इसको लेकर 25 जनवरी दोपहर 2 बजे प्रदेश कार्यालय में पार्टी की बैठक होगी।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static