Haryana: BJP नेता पर चलती बस में महिला क्रिकेट खिलाड़ी के साथ छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने किया काबू

punjabkesari.in Sunday, Oct 13, 2024 - 08:03 AM (IST)

हिसार : चलती बस में एक नाबालिग खिलाड़ी से छेड़छाड़ को लेकर शुक्रवार रात करीब 11 बजे बस स्टैंड पर खूब हंगामा हुआ। पुलिस ने मौके से भीमसेन नामक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। वह भाजपा का शहरी इकाई का पदाधिकारी बताया जा रहा है। सिटी थाना पुलिस ने उसे काबू कर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

जानकारी अनुसार अंबाला रेंज में अंडर- 19 क्रिकेट प्रतियोगिता चल रही थी। यहां की टीम ने मैच में भाग लिया और मैच खत्म होने पर टीम की सभी खिलाड़ी शाम 5 बजे लौटने के लिए बस में सवार हुईं। टीम की एक खिलाड़ी सीट पर बैठकर सफर कर रही थी। बरवाला से एक व्यक्ति बस में सवार हुआ और वह खिलाड़ी के साथ सीट पर बैठ गया। उसने खुद को भाजपा नेता भीमसेन बताया। आरोप है कि कुछ देर बाद उसने खिलाड़ी से छेड़छाड़ की। खिलाड़ी ने टीम सदस्यों को मामला बताया तो हंगामा खड़ा हो गया। बस बाद में बस स्टैंड पर पहुंची तो फिर हंगामा हुआ। शोर सुनकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीमसेन को हिरासत में लिया।

पीड़िता ने शिकायत में लिखा है कि उसकी उम्र 16 साल है और वह 11वीं कक्षा में पढ़ती है। हम 8 अक्तूबर को क्रिकेट खेलने गए थे। हम शुक्रवार शाम 5 बजे हिसार के लिए बस में चले। बस बरवाला पहुंची तो एक अनजान व्यक्ति बस में बैठा। वह मेरे साथ बातचीत कर बोला कि मैं भाजपा का प्रधान हूं। मेरी अच्छी पहुंच है। अगर आपको कोई काम हो तो मुझे बताना। उसने कॉल करने के बहाने मेरा फोन मांगा और कॉल की तो उसके अपने फोन पर घंटी बजी। फिर मैंने अपना फोन वापस ले लिया। हम रात करीब 10.30 बजे तलवंडी राणा के पास पहुंचे तो उस व्यक्ति ने मेरे साथ छेड़छाड़ की। फिर उसने कहा कि टाइम मिले तो आ जाना, अग्रोहा घूमने चलेंगे। फिर मेरे साथ की लड़कियों ने उसे पकड़ लिया।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static