हरियाणा में रोहतक सीट के लिए BJP अभिनेता रणदीप हुड्डा पर खेल सकती है दांव! पूर्व CM के बेटे से होगी सीधी टक्कर

punjabkesari.in Thursday, Mar 07, 2024 - 10:41 AM (IST)

रोहतक : चुनावी घोषणा से पहले ही भाजपा ने लोकसभा चुनाव की बिसात बिछानी शुरू कर दी है। प्रदेश की मानी जाने वाली सबसे हॉट सीट रोहतक के लिए प्रत्याशी घोषित करने को लेकर राजनीतिक गलियारों में माहौल गर्माया हुआ है। इसी कड़ी में सिनेमा के बड़े पर्दे पर ठेठ हरियाणवी में अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले अभिनेता रणदीप हुड्डा का नाम सुर्खियों में है। हालांकि अभी भाजपा से मौजूदा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा हैं, लेकिन कांग्रेस से कड़े मुकाबले को देखते हुए उन्हें यहां के बजाय करनाल शिफ्ट कर इस सीट से रणदीप हुड्‌डा को भाजपा उतारने की तैयारी कर रही है।


दीपेंद्र हुड्‌डा को टक्कर दे सकते हैं रणदीप हुड्‌डा

बताया जा रहा है कि रणदीप हुड्‌डा हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के बेटे एवं राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा को टक्कर दे सकते हैं। कांग्रेस से दीपेंद्र को टिकट मिलने की पूरी संभावना है। इसके लिए उन्होंने तैयारी शुरू कर दी है। रणदीप हुड्‌डा का जन्म 20 अगस्त 1976 को रोहतक के गांव जसिया में हुआ था। उनके पिता रणबीर हुड्‌डा मेडिकल सर्जन रहे हैं। वहीं उनकी मां आशा हुड्‌डा सामाजिक कार्यकर्ता रही। इसके साथ भाजपा में भी सक्रिय कार्यकर्ता रह चुकी हैं। रणदीप हुड्‌डा को अपने गांव से खासा लगाव है, इसलिए वह यहां अक्सर आते भी रहते हैं।


रणदीप हुड्‌डा की 2023 में हुई शादी 

लोकसभा चुनाव को लेकर रणदीप हुड्‌डा के नाम की चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि अभी वह फिल्मों में ज्यादा एक्टिव नहीं हैं। एक्ट्रेस लिन लैशराम के साथ वर्ष 2023 में शादी के बाद वह अपनी मां की सियासत को आगे लेकर आना चाहते हैं। इसके साथ ही हरियाणा के प्रति उनका प्रेम लगातार उनकी बातों और उनके कामों में भी दिखता रहता है। गांव जसिया के सरपंच ओम प्रकाश हुड्‌डा का कहना है कि रणदीप हुड्‌डा और उनका परिवार गांव में मिलनसार परिवार रहा है। यदि वह लोकसभा चुनाव लड़ते हैं तो यहां से उनको पूरा प्यार मिलेगा।


रोहतक से दीपेंद्र हुड्‌डा की मजबूत दावेदारी मानी जा रही 

दीपेंद्र हुड्‌डा की इस बार रोहतक से मजबूत दावेदारी मानी जा रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बाद भी भाजपा के प्रत्याशी अरविंद शर्मा को उन्होंने यहां से कांटे की टक्कर दी थी। इस बार वह रोहतक को लेकर काफी सीरियस हैं, पिछले एक साले से वह यहां लगातार रैलियां और बैठकें कर रहे हैं। सबसे अहम बात यह है कि हाल ही में हुए सर्वे में भी भाजपा के कोटे की रोहतक सबसे कमजोर सीट मानी गई है। 2019 में दीपेंद्र हुड्‌डा लोकसभा चुनाव हार गए थे। उन्हें इस चुनाव में 5,66,342 वोट मिले थे। EVM से उन्हें 5,63,606 वोट और बैलट पेपर के 2736 वोट मिले थे। जबकि उनके प्रतिद्वंदी भाजपा के प्रत्याशी अरविंद शर्मा को 5,73,845 वोट मिले थे। EVM से उन्हें 5,66,242 और बैलट पेपर से 7603 वोट मिले थे।


यहां फंस रहा है पेंच

रोहतक में भाजपा के लिए सबकुछ आसान नहीं है। इसकी वजह है कि मौजूदा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा करनाल के बजाय रोहतक से ही लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसको लेकर वह अपनी इच्छा कई बार सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी जता चुके हैं। 3 फरवरी को अपने काम गिनाते हुए अरविंद शर्मा दीपेंद्र हुड्‌डा को चेतावनी दे चुके हैं कि अगर हिम्मत है तो राज्यसभा सांसद का पद छोड़कर मेरे सामने चुनाव मैदान में आएं। इसके बाद जनता तय करेगी कि किसमें कितना दम हैं। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अरविंद शर्मा आसानी से रोहतक सीट छोड़ने वाले नहीं हैं। कौन कहां से लोकसभा उम्मीदवार होगा इस पर भाजपा हाईकमान द्वारा फैसला लिया जाना है। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static