कैथल के जनकपुरी में मेडिकल स्टोर पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, मिली भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां
punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 03:46 PM (IST)
कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल की जनकपुरी कॉलोनी गली नंबर-10 स्थित भारत बायोकम मेडिकल स्टोर पर गुरुवार रात करीब 8 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। टीम को यहां गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली एमटीपी किट बेचे जाने की सूचना मिली थी।

रेड के दौरान टीम को दुकान से दो प्रकार की करीब 820 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुईं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टरों की शिकायत लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक राजबीर व उसका सहायक सुखदेव मौके पर मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दुकान में रखी दवाइयों और रिकॉर्ड की जांच की।

छापेमारी टीम में पीएनडीटी इंचार्ज डॉ. सचिन मांडले, जिला ड्रग कंट्रोल अधिकारी डॉ. चेतन वर्मा तथा डॉ. हमीता शामिल रहे। टीम ने बरामद दवाइयों को कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है। डॉ. सचिन मांडले ने कहा कि एमटीपी किट और नशीली दवाइयों की बिक्री गंभीर अपराध है। पीएनडीटी एक्ट के तहत लिंग जांच और अवैध गर्भपात से जुड़े मामलों में स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीएनडीटी एक्ट के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार अलर्ट मोड पर काम कर रही है। कहीं से भी सूचना मिलने पर तुरंत रेड की जाती है। एमटीपी किट, लिंग जांच या इससे जुड़े किसी भी तरह के अवैध कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।