हरियाणा के कुंवारों से BJP MLA का वादा- वोट दो, शादी करवाऊंगी! वादे के पीछे है खास 'पलवल कनेक्शन'
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 03:40 PM (IST)
रेवाड़ी: हरियाणा की राजनीति अपनी बेबाकी और चुटीले अंदाज के लिए जानी जाती है। इसी सिलसिले में एक और कड़ी रेवाड़ी से जुड़ गई है। रेवाड़ी में नगर परिषद के चुनाव में बीजेपी की एक महिला विधायक बिमला चौधरी ने प्रचार के दौरान एक ऐसा वादा कर दिया है जिसे सुन हर कोई मुस्कुरा रहा है। हरियाणा की पटौदी सीट से एमएलए बिमला चौधरी ने कहा है कि अगर कुंवारे वोटर उनकी पार्टी को वोट देते हैं तो वो उनकी शादी करवा देंगी। उनकी यह बात सुनकर पूरी जनसभा खिलखिला उठी और वहां मौजूद हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य मंत्री भी अपनी हंसी नहीं रोक सकीं.
रेवाड़ी में नगर परिषद के चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी की ओर विनीता पीपल अध्यक्ष पद की उम्मीदवार हैं। उनके समर्थन में आयोजित एक जनसभा के दौरान पटौदी की भाजपा विधायक बिमला चौधरी ने मंच से एक ऐसा ऐलान किया, जिसे सुनकर जनता अपनी हंसी नहीं रोक पाई।
गोल चक्कर पर आयोजित इस सभा में बिमला चौधरी ने कुंवारे मतदाताओं को सीधा लुभाते हुए कहा, "पहले वोट करो, फिर शादी करवाओ. भाजपा के पक्ष में वोट करने के बाद रेवाड़ी का कोई भी बच्चा कुंवारा नहीं रहेगा. मैं सभी कुंवारे बच्चों की शादी करवाऊंगी." विधायक ने इस वादे के पीछे अपना 'पलवल कनेक्शन' भी जोड़ा। उन्होंने भावुक और मजाकिया लहजे में कहा कि वह पलवल की बेटी हैं और रेवाड़ी में पलवल की बेटियों का काफी रिश्ता-नाता रहा है. उन्होंने इसी रिश्ते की दुहाई देते हुए युवाओं को शादी का भरोसा दिलाया।