सीएम का पद किसी जाति के लिए आरक्षित करने का क़ानून में कोई प्रावधान नहीं: वीरेंद्र सिंह

punjabkesari.in Friday, Oct 13, 2023 - 07:54 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्र शेखर धरनी): हरियाणा के हर समुदाय के लोगों को प्रदेश का मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री बनने का अधिकार है। मुख्यमंत्री की कुर्सी किसी भी जाति के लिए आरक्षित करने का क़ानून में कोई प्रावधान नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा पर इस मामले में जातिवादी राजनीति करने का भाजपा प्रवक्ता डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया है।  उन्होंने कहा कि ब्राह्मण या दलित उप मुख्यमंत्री बनाने की बात कर रहे  भूपेंद्र सिंह हुड्डा यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि इन समुदायों के नेताओं को उपमुख्यमंत्री से अधिक अर्थात मुख्यमंत्री का पद पाने का सपना देखना छोड़ देना चाहिए। यह इन समुदायों कि प्रजातांत्रिक आकांक्षाओं का सार्वजनिक निरादर है।

पंजाब केसरी से विशेष बातचीत में भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता डॉक्टर चौहान ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता जातीय राजनीति के कारण सनातन धर्म के विभिन्न समुदायों को एक दूसरे से भिड़ाना चाहते हैं। फूट डालो और राजकरो की यह राजनीति कांग्रेस ने अंग्रेजों से सत्ता की तरह विरासत में हासिल की थी।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ख़ुद को ब्राह्मणों का हितैषी साबित करने के लिए, उन्हें उपमुख्यमंत्री पद का झुनझुना थमाने निकले भूपेंद्र सिंह हुड्डा जब किसी ब्राह्मण को उपमुख्यमंत्री बना सकते थे, तब अपने 10 साल के शासनकाल में उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया है? उन्होंने पूछा था कि उपमुख्यमंत्री पद बाँट रहे भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने आपको अप्रत्यक्ष रूप से भावी मुख्यमंत्री घोषित करते हुए यह राजनीतिक पैंतरा फेंका है, जो कांग्रेस को उल्टा पड़ेगा।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ख़ुद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान पूनिया और उसके बाद पूर्व अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इस झुनझुने को भी तोड़कर फेंक दिया है। पूनिया कहते हैं कि मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री कौन बनेंगे यह तय करना आलाकमान का काम है। दूसरी तरफ़ कुमारी शैलजा ने यह कहकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा के दावे की हवा निकाल दी है कि 2019 में इस बारे में पार्टी में निर्णय होने की जो बात हुड्डा कह रहे हैं वैसा कोई फ़ैसला हुआ ही नहीं था। ऐसा हुआ होता तो उन्हें पता होता, क्योंकि वे उस समय प्रदेश अध्यक्ष थी।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि हरियाणा प्रशासनिक सेवा की नई नियुक्तियों के संबंध में बेतुके सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता अपने गिरेबान में झांके क्योंकि हरियाणा के लोग अभी भूले नहीं कि किस तरह कांग्रेस के राज में एच सी एस बनने के लिए किसी राजनेता या अफ़सर के परिवार में पैदा होना ज़रूरी था। जिनके शासन में नौकरियां खर्ची पर्ची सिस्टम से मिलती थी और उन्हें मनोहर लाल सरकार की पारदर्शी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते देखकर आश्चर्य होता है।

चौहान ने कहा कि जो लोग परीक्षा में उत्तीर्ण हुए उन्हें नियुक्ति मिल गई और परीक्षा व साक्षात्कार में किसी वर्ग के साथ भेदभाव का सवाल ही पैदा नहीं होता। डॉक्टर चौहान ने कहा कि जीने नियमों के अंतर्गत एच सी एस  का परिणाम आया है वह नियम तो ख़ुद भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में बनाए गए थे।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Saurabh Pal

Related News

static